Lok Sabha Elections 2019: पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा प्रभारी प्रियंका गांधी ने गुरुवार (2 मई, 2019) को रायबरेली में एक रैली को संबोधित किया। रैली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता खासी तादाद में मौजूद रहे। दरअसल प्रियंका गांधी जिस रैली को संबोधित करने के लिए ऊंचाहार पहुंची उसका आयोजन खुद सपा विधायक और पूर्व मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने किया। रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर कांग्रेस महासचिव को न्योता दिया गया था। इसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। इसमें मंच पर प्रियंका संग सपा नेता नजर आ रहे हैं। भीड़ में बहुत से लोगों ने लाल टोपी पहनी है। कार्यकर्ताओं के हाथ में सपा के झंडे भी नजर आ रहे हैं।
खास बात है कि लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन कांग्रेस पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा मगर सपा के कार्यक्रम में प्रियंका गांधी द्वारा लोगों को संबोधित करना खासा चौंकाता है। दरअसल लोकसभा चुनाव से पूर्व सपा और बसपा ने आपसी गठबंधन के जरिए उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। गठबंधन में कांग्रेस को शामिल नहीं किया। हालांकि नैतिकता के आधार पर दोनों पार्टियों ने रायबरेली और अमेठी में अपनी उम्मीदवार नहीं उतारे। कहा गया कि इससे भाजपा को फायदा होगा। यूपी के रायबरेली और अमेठी को कांग्रेस के गढ़ कहा जाता है। यहां से क्रमश: सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सांसद हैं।
उधर सपा की रैली में प्रियंका गांधी के होने के राजनीतिक गलियारे में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। मीडिया गलियारे में चर्चा है कि मनोज कुमार पांडेय के कांग्रेस से अच्छे रिश्ते हैं इसलिए उन्होंने प्रियंका को अपनी रैली में बुलाया। बता दें कि हाल में बसपा और सपा ने कांग्रेस पर यूपी में भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए अपने उम्मीदवार खड़े करने का आरोप लगाया था। बाद में गठबंधन के आरोप का प्रियंका ने खंडन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यूपी में जीतने वाले और मजबूत उम्मीदवार उतारे हैं। उन्होंने कहा कि हर सीट पर उम्मीदवार जीतने के लिए नहीं उतारे जाते। इसलिए हारने वाली सीटों पर भाजपा के वोट काटने वाले उम्मीदवारों को उतारा गया है।