Lok Sabha Elections 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक टीवी साक्षात्कार में कहा कि उनकी पार्टी किसी को अपना दुश्मन नहीं मानती है। उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत संबंध अलग चीज होती है और निजी व्यवहार अलग होता है। पीएम ने कहा कि राजनीति में उनकी वैचारिक लड़ाई है। एक सवाल के जवाब में पीएम ने कहा कि एंकर टीवी स्क्रीन पर भारतीय जनता पार्टी की धज्जियां उड़ा देते हैं। मगर इससे उनका मीडिया के प्रति आदर कम नहीं होता है। दरअसल टीवी चैनल आजतक की महिला एंकर अंजना ओम कश्यप ने पीएम नरेंद्र मोदी से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ा सवाल पूछा। जिसमें पीएम ने पिछले दिनों ममता द्वारा उन्हें कुर्ता गिप्ट करने की बात कही, मगर जमीनी स्तर पर दोनों नेताओं के बीच खूब लड़ाई होती है।
जवाब में पीएम ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के एक लेख का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा किसी को अपना दुश्मन नहीं मानती। पीएम ने आगे कहा, ‘व्यक्तिगत तौर पर अगर आप (मीडिया) भी टीवी स्क्रीन पर होते हैं तो भाजपा की धज्जियां उड़ा देते हैं। मोदी को भी कुछ भी बोल दिया जाता है। मगर उसके कारण हमारा आपके (मीडिया) प्रति आदर कम नहीं होता है। हम सम्मान कम नहीं करते हैं। चूंकि मीडिया का वो दायित्व है और वो उसे निभाता है। उसी तरह व्यक्तिगत संबंध अलग चीज है तो और व्यवहार अलग है।’ पीएम ने आगे कहा कि राजनीति में उनकी वैचारिक लड़ाई है और ये लड़ाई तगड़ी होगी।
साक्षात्कार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम ममता पर भी खूब निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘ममता बनर्जी जब सांसद थी तब उन्होंने बंगाल से बांग्लादेशियों को बाहर निकालने की मांग की थी। उन्होंने चुनाव के लिए बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग। राज्य को आर्मी के हवाले करने की मांग की गई। मगर आज उन्हीं ममता के राज में चुनाव के दौरान हर दिन एक हत्या हो रही है। इसलिए हमारी चिंता है कि वो कौन सी ममता दीदी हैं जो इतनी बदल गईं।’ प्रधानमंत्री आगे कहा कि ‘गुजरात के मुख्यमंत्री रहते उनके ममता के प्रति वैचारिक मतभेद जरूर थे लेकिन उनका तब मानना था कि ममता काम को पूरा करने वाली महिला लगती हैं। मगर देश का दुर्भाग्य है कि ऐसे लोग बड़े हो गए।’