Lok Sabha Elections 2019: लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने मु्स्लिमों के खिलाफ विवादित बयान दिया है। सोमवार (1 मार्च, 2019) को राज्य के कोप्पल में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ईश्वरप्पा ने कहा, ‘कांग्रेस आपको (मुस्लिम) सिर्फ एक वोटबैंक की तरह इस्तेमाल करती है और आपको टिकट भी नहीं देती। हम मुसलमानों को टिकट नहीं देते क्योंकि आप (मु्स्लिम) हममें विश्वास नहीं करते। हम पर विश्वास कीजिए और हम आपको टिकट और अन्य चीजें देंगे।’ सभा में ईश्वरप्पा कुरुबा और अल्पसंख्यक समुदाय को संबोधित कर रहे थे।
ऐसा पहली बार नहीं है जब भाजपा नेता ने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ विवादित बयान दिया हो। कुरुबा पिछड़े समुदाय से आने वाले ईश्वरप्पा पूर्व में भी अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ तीखी बयानबाजी कर चुके हैं। पिछले साल जनवरी में एक विवादित बयान देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जो मुसलमान कांग्रेस के साथ हैं वो ‘हत्यारे’ हैं। और जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े हैं वो अच्छे मुसलमान हैं। तब कर्नाटक के पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा, ’22 आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं को मारने वाले मुसलमान कांग्रेस के साथ हैं। मगर जो अच्छे मुस्लिम हैं वो भाजपा के साथ हैं। जो मुस्लिम हत्यारे हैं वो कांग्रेस के साथ हैं।’
गौरतलब है कि कर्नाटक की 28 संसदीय सीटों के लिए दो चरण में मतदान होने हैं। पहले चरण में 14 सीटों के लिए 18 अप्रैल और अन्य 14 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होंगे। चुनाव परिणाम 23 मई को आएंगे। बता दें कि भाजपा कर्नाटक की सभी 28 संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं गठबंधन के चलते कांग्रेस और जेडीएस के, क्रमश: 20 और 8 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। हाल के दिनों में कर्टनाक विधानसभा के त्रिशंकु परिणाम आने के बाद कांग्रेस, जेडीएस संग सरकार में है। एचडी कुमार स्वामी राज्य के मुख्यमंत्री हैं।