Lok Sabha Elections 2019: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि अगर उनकी वजह से भाजपा को लाभ पहुंचता है तो वो अपनी जान दे देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की विनाशक विचारधारा के साथ कभी समझौता नहीं किया जा सकता। पूरी जिंदगी में ऐसा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं जो सिर्फ भाजपा का वोट काट रहे हैं। वह इस बारे में बहुत स्पष्ट हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा प्रभारी प्रियंका गांधी से जब एनडीटीवी ने पूछा कि मायावती का आरोप है कि यूपी में कांग्रेस वोट काटने का काम कर रही है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘मैं इतना कह रही है कि मैं अपनी जान दे दूंगी लेकिन उनकी (भाजपा) मदद नहीं करूंगी। इससे ज्यादा और मैं क्या कर सकती हूं।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2019 के साथ 2022 का चुनाव भी है। लोकसभा चुनाव को विचारधारा की लड़ाई बताते हुए उन्होंने कहा कि यह देश, लोकतंत्र, लोकतंत्र को बचाने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने और उन्हें सुरक्षित रखने की लड़ाई है। इसमें फायदे की बात नहीं आती। इसमें देश का फायदा है। यह लड़ाई देश के लिए है। विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं। उस देश के लिए लड़ रहे जिससे सभी देशवासी प्रेम करते हैं। इसमें सम्मान की बात है।
गौरतलब है कि बीते सोमवार (29 अप्रैल, 2919) को प्रियंका गांधी ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि हर सीट पर उम्मीदवार सिर्फ जीतने के लिए नहीं उतारे जाते। हर सीट जीतने के लिए नहीं होती। इसलिए हारने वाली सीटों पर वोट काटने वाले उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया है ताकि भाजपा का वोट काटा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी पार्टी का संगठन कमजोर हैं।
प्रियंका गांधी ने अमेठी में कहा, ‘यहां पर काम बहुत है। अगर मैं वाराणसी से लड़ती तो सिर्फ वाराणसी तक सीमित रह जाती। मगर मेरा काम पूर्वी यूपी में इससे ज्यादा है। सारे उम्मीदवार चाहते हैं कि मैं कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करूं। इसलिए मैं उन्हें निराश नहीं करना चाहती। इसलिए मेरी रणनीती बिल्कुल साफ है। 2019 में भाजपा को यूपी से हराना। हमारे उम्मीदवार मजबूती से लड़ रहे हैं। जहां हम मजबूत हैं वहां कांग्रेस जरूर जीतेगी। हालांकि जहां हमारी स्थिति थोड़ी कमजोर है वहां ऐसे उम्मीदवार उतारे गए हैं जो भाजपा का वोट काट सकें। कांग्रेस भाजपा का वोट काटेगी।’ बता दें कि प्रियंका गांधी के इस बयान कई मायने निकाले जा रहे हैं।