Deoria Lok Sabha Chunav Result 2024: लोकसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार पूरा देश बेसब्री से कर रहा था। उत्तर प्रदेश की देवरिया लोकसभा सीट पर इस बार कांटे की टक्कर भारतीय जनता पार्टी और इंडिया अलांयस के बीच में है। इस सीट पर बीजेपी ने वर्तमान सांसद रमापति राम त्रिपाठी का टिकट काट दिया था और शशांक मणि त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार बनाया था। तो, यहां पर उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह से है। तो, अंत में बीजेपी के शशांक मणि त्रिपाठी ने कांग्रेस के अखिलेश प्रताप गुप्ता को 34842 वोटों से हरा दिया।
| पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
| बीजेपी | शशांक मणि त्रिपाठी | 504541 (34842 वोटों से आगे) |
| कांग्रेस | अखिलेश प्रताप सिंह | 469699 |
| बसपा | संदेश यादव | 45564 |
एक नजर देवरिया लोकसभा सीट पर
बिहार राज्य से सटा यह देवरिया जिला प्रदेश के हाई प्रोफाइल जिलों में गिना जाता है। इस सीट से राज्य के कई कद्दावर नेता चुनाव लड़ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने यहां पर पिछले दो लोकसभा इलेक्शन में जीत दर्ज की है, इस चुनाव में भी जीतकर बीजेपी हैट्रिक लगाना चाहती है। वहीं, बात अगर कांग्रेस पार्टी की करें तो कांग्रेस को 1984 के बाद से इस सीट पर कभी जीत नहीं मिल सकी और उसे 40 साल से अपनी पहली जीत का इंतजार है।
साल 2019 में देवरिया लोकसभा सीट का परिणाम (Deoria Lok Sabha Elections Result 2019)
2019 के लोकसभा इलेक्शन में भारतीय जनता पार्टी ने रमापति राम त्रिपाठी को मैदान में उतारा और उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के विनोद कुमार जयसवाल को शिकस्त दी। रमापति राम त्रिपाठी को 580,644 वोट मिले तो बिनोद कुमार जयसवाल के खाते में 3,30,713 वोट आए। बीजेपी के उम्मीदवार रमापति ने 2,49,931 वोटों के अंतर से यह चुनाव जीत लिया। कांग्रेस के नियाज अहमद 51056 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे थे। यहां पर एक खास बात यह रही कि नोटा के पक्ष में भी करीब 13,421 वोट पड़े।
| पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
| बीजेपी | रमापति राम त्रिपाठी | 580,644 |
| बहुजन समाज पार्टी | विनोद कुमार जयसवाल | 3,30,713 |
| कांग्रेस | नियाज अहमद | 51,056 |
साल 2014 में देवरिया लोकसभा सीट का परिणाम (Deoria Lok Sabha Elections Result 2014)
साल 2014 के लोकसभा इलेक्शन की बात करें तो पूरे देश में मोदी लहर चल रही थी। भारतीय जनता पार्टी ने इस लोकसभा सीट से कलराज मिश्रा को टिकट दिया था। कलराज मिश्रा को चुनाव में 4,96,500 वोट मिले थे। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के नियाज अहमद को 231114 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर रहे थे। कांग्रेस के प्रत्याशी सभा कुंवर के खाते में 37752 वोट आए। साथ ही, समाजवादी पार्टी के बालेश्वर यादव को 150852 वोटों से ही संतोष करना पड़ा था।
| पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
| बीजेपी | कलराज मिश्रा | 4,96,500 |
| बहुजन समाज पार्टी | नियाज अहमद | 231,114 |
| कांग्रेस | सभा कुंवर | 37,752 |
| समाजवादी पार्टी | बालेश्वर यादव | 150852 |
देवरिया लोकसभा सीट का जातीय समीकरण
यहां पर कुल वोटर 17,29,583 है। जिसमें पुरुष वोटर की संख्या 9,44,821 और महिला वोटर की संख्या 7,84,666 हैं। 96 अन्य वोटर के रूप में शामिल हैं। जाति के आधार पर देखा जाए तो यहां पर जनरल कैटेगरी की आबादी 81 फीसदी है तो अनुसूचित जाति की आबादी 15 फीसदी और अनुसूचित जनजाति की महज 4 फीसदी आबादी है।
