Lok Sabha Election 2019: महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के बीच अहमदनगर से एक रोचक खबर है। अहमद नगर संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने सुजय विखे पाटिल को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की तरफ से नामांकन करने के बाद सुजय की पत्नी धनश्री पाटिल ने भी उसी संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया।
हालांकि, उनके कार्यालय की तरफ से इस परचा भरने की घटना को ऐहतियातन उठाया गया कदम बताया जा रहा है। कहा जा रहा कि सुजय विखे पाटिल के नामांकन में किसी तरह की तकनीकी दिक्कत आने से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे पहले भी अहमदनगर सीट चर्चा में रही थी करीब पांच दिन पहले ही महाराष्ट्र कांग्रेस की जिला इकाई ने भाजपा के उम्मीदवा सुजय विखे पाटिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया था।
सुजय विखे पाटिल महाराष्ट्र में कांग्रेस के बड़े नेता रहे राधा कृष्ण विखे पाटिल के बेटे हैं। पार्टी की जिला इकाई की तरफ से सुजय का समर्थन करने पर पार्टी के राज्य में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। दरअसल सुजय पहले कांग्रेस पार्टी का ही हिस्सा थे। लोकसभा चुनावों की घोषणा के बाद 12 मार्च को सुजय ने भाजपा का दामन थाम लिया था।
Maha: Dhanshri Patil- wife of BJP candidate from Ahmednagar LS Constituency, Sujay Vikhe Patil (in file pic)-has also filed nomination from the constituency. His office says,’ It’s just a precautionary measure if any technical objection comes in Sujay Vikhe Patil’s nomination. pic.twitter.com/JGOkoLI06K
— ANI (@ANI) April 4, 2019
महाराष्ट्र में कांग्रेस के लिए यह बड़े झटके के समान था। सुजय के भाजपा में शामिल होने के पीछे अहमदनगर संसदीय सीट है। वह इस सीट से संसदीय चुनाव लड़ना चाहते थे जबकि कांग्रेस और एनसीपी के बीच हुए समझौते के तहत यह सीट एनसीपी के खाते में चली गई। इसके बाद सुजय के पिता ने अपने बेटे को यहां से टिकट देने के लिए एनसीपी से बात की थी लेकिन एनसीपी यह बात नहीं मानी।
एनसीपी ने यहां से संग्राम जगताप को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के हाथ से सीट फिसलने के बाद ही सुजय ने विद्रोह का बिगुल फूंक दिया था। उन्होंने यह कहा था कि वह पिछले कई साल से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में यह सीट कांग्रेस के पास रहे या फिर एनसीपी के खाते में जाए वह अहमदनगर से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद से ही उनके भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे थे।