Lok Sabha Election 2024, Jaipur Lok Sabha: राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से जयपुर लोकसभा एक महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। फिलहाल इस सीट से बीजेपी के रामचरण बोहरा सांसद हैं। जयपुर की यह सीट 9 विधानसभाओं को कवर करती है। 2014 के बाद से इस सीट पर बोहरा ही सांसद हैं जब उन्होंने कांग्रेस के महेश जोशी को 5 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। 2019 में कांग्रेस की उम्मीदवार ज्योति खंडेलवाल थी, लेकिन इस चुनाव में भी रामचरण बोहरा ने जीत हासिल की थी।
जयपुर लोकसभा से इस बार कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचारियावास को मैदान में उतारा है तो वहीं बीजेपी ने मौजूदा सांसद रामचरण बोहरा को टिकट काट मंजू शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
जयपुर लोकसभा के बारे में
जयपुर राजस्थान का एक बेहद खूबसूरत शहर है, जिसे पिंक सिटी के नाम से भी जाना जाता है। इस ऐतिहासिक शहर को राजस्थान की राजनीति का केंद्र भी माना जाता है। जहां से तय होता है कि प्रदेश की सियासत का रुख क्या होगा। जयपुर लोकसभा सीट भी कई मायनों में काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
शहर में आने वाली 9 विधानसभाएं- किशनपोल विधानसभा (कांग्रेस के पास), हवामहल विधानसभा (बीजेपी), आदर्श नगर विधानसभा (कांग्रेस), झोटवाड़ा विधानसभा (बीजेपी), मालवीय नगर विधानसभा (बीजेपी), सिविल लाइंस विधानसभा (बीजेपी), बगरु विधानसभा (बीजेपी) सांगानेर विधानसभा (बीजेपी) विद्याधर नगर विधानसभा (बीजेपी) हैं। अगर बात करें 2019 के लोकसभा चुनाव की तो यहां 68.11 प्रतिशत मतदान हुआ था।
किसका कितना है वोटिंग परसेंटेज?
चाणक्य के मुताबिक जयपुर लोकसभा में SC मतदाताओं की संख्या लगभग 286,064 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 13.7% है। वहीं एसटी मतदाताओं की संख्या लगभग 91,875 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 4.4% है। जयपुर संसदीय सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 316,764 है जो लगभग 15.2% है।
जयपुर संसदीय सीट पर ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 131,548 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 6.3% है। वहीं शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 1,956,510 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 93.7% है। फिलहाल दो बार से बीजेपी का इस सीट पर कब्जा है। 2014 से पहले इस सीट पर कांग्रेस के महेश जोशी सांसद होते थे।