लोकसभा चुनाव की तैयारियों में ज़ोरशोर से जुटी पार्टियों को अब चुनाव की तारीख का इंतजार है। चुनाव आयोग ने कहा है कि वह लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 16 मार्च को तीन बजे करेगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का भी ऐलान किया जाएगा। ये विधानसभा चुनाव ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में होंगे। इससे पहले तमाम दलों ने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट भी निकालनी शुरू कर दी है। भाजपा ने अब तक दो लिस्ट में 267 कैंडीडेट्स का ऐलान किया है। पार्टी ने पहली लिस्ट में 195 और दूसरी लिस्ट में 72 प्रत्याशियों के नाम निकाले थे।
बीजेपी ने देश के सबसे अधिक लोकसभा सीट वाले राज्य उत्तर प्रदेश में अब तक 51 नामों का ऐलान किया है जिनमें 5 सीटें सहयोगी दलों को दी जा चुकी हैं। अब तक भाजपा ने उन 24 सीटों के कैंडिडेट्स के नाम जारी नहीं किए हैं, जिन पर संशय बरकरार है। उम्मीद जताई जा रही है कि भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट 17 या 18 मार्च 2024 तक जारी की जा सकती है।
यूपी की बची हुई सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा
इस सूची में यूपी की बची हुई सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा होने के आसार हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में यूपी के बचे हुए नामों के लिए 16 मार्च 2024 को मंथन बैठक है। इस मीटिंग में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह और यूपी कोर ग्रुप के अन्य नेता शामिल होंगे। भाजपा के सहयोगी दलों ने अपने कोटे की सीटों पर प्रत्याशियों को करीब-करीब तय कर दिया है। 56 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी लगभग तय हैं। बिजनौर, बागपत, घोसी, मिर्जापुर , राबर्ट्सगंज ये पांच सीटें भाजपा ने तीन सहयोगी दलों में बांट दी है।
इन सीटों पर हो रही मशक्कत
जिन सीटों पर मुरादाबाद, गाजियाबाद, अलीगढ़, मेरठ, हाथरस, फिरोजाबाद, बरेली, पीलीभीत, सुल्तानपुर, गोंडा, बदायूं, रायबरेली, कौशांबी, प्रयागराज, कैसरगंज, कानपुर, गाजीपुर, मछली शहर, बलिया, बहराइच, भदोही, देवरिया, मैनपुरी तथा फूलपुर शामिल हैं। इनमें से अधिकांश सीटों पर प्रत्याशी बदलने की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
बची हुई जिन 24 सीटों के लिए बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट आनी बाकी है उन सीटों में पार्टी के बड़े नेता और सांसद रीता बहुगुणा जोशी, वरुण गांधी, मेनका गांधी, जनरल वीके सिंह, बृजभूषण शरण सिंह, रमापति राम त्रिपाठी, संघमित्रा मौर्य, सत्यदेव पचौरी, संतोष गंगवार की नामों पर भी संदेह बना हुआ है।