Who Is Bhupendra yadav: राजस्थान की अलवर लोकसभा से बीजेपी ने इस बार भूपेन्द्र यादव को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस के ललित यादव से होगा। दोनों ही इस सीट से पहली बार आमने-सामने होंगे। भूपेन्द्र यादव मोदी सरकार सरकार में श्रम और रोजगार, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं। वह बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और फिलहाल राज्यसभा से सांसद हैं।

भूपेन्द्र यादव के बारे में…

भूपेन्द्र यादव का जन्म 30 जून 1969 को राजस्थान के अजमेर में हुआ। उन्होंने ग्रेजुएशन की डिग्री और बैचलर ऑफ लॉ की डिग्री अजमेर के सरकारी कॉलेज से हासिल की और राजनीतिक की ओर बढ़े।

भूपेन्द्र यादव का राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ। यह साल 2000 था जब वह स्टूडेंट पॉलिटिक्स में काफी एक्टिव थे। उन्हें वकीलों के संगठन अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का महासचिव बनाया गया और वह 2009 तक इस पद पर रहे। अपना राजनीतिक करियर शुरू करने से पहले वह सुप्रीम कोर्ट में एक वकील थे और महत्वपूर्ण आयोगों के लिए सरकारी वकील के रूप में भी काम करते रहे।

भूपेन्द्र यादव को 2010 में तत्कालीन राष्ट्रीय पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। 4 अप्रैल 2012 को उन्हें राज्यसभा सांसद के रूप में चुना गया। पार्टी के स्ट्रेटेजी वॉर रूम को लेकर उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। जुलाई 2021 में, यादव को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन और श्रम और रोजगार के कैबिनेट मंत्री के रूप में मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। इस बार अलवर लोकसभा में उनका मुकाबला कांग्रेस विधायक ललित यादव से होगा।