लोकसभा चुनाव 2019 के लिए चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। हालांकि तेज गर्मी के चलते उम्मीदवारों और विभिन्न पार्टी कार्यकर्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह इन दिनों चुनाव प्रचार के लिए बिहार के नवादा और जमुई लोकसभा क्षेत्रों में गए हुए हैं, जहां वह लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बता दें कि बिहार में गठबंधन के तहत नवादा और जमुई लोकसभा सीट लोजपा के खाते में गए हैं। राजनाथ सिंह के साथ इस दौरान लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान भी थे। तेज गर्मी के चलते जब राजनाथ सिंह अपना पसीना पोंछ रहे थे, तभी रामविलास पासवान ने उन्हें बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की वजह से लोकसभा चुनाव गर्मियों में होते हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस में छपे एक लेख देल्ही कॉन्फिडेंशियल के अनुसार, रामविलास पासवान ने राजनाथ सिंह को बताया कि साल 2000 तक आम चुनाव अक्टूबर के अंत तक अच्छे मौसम में होते थे। लेकिन साल 2003 के विधानसभा चुनावों में अच्छे प्रदर्शन से उत्साहित होकर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनवरी में हो लोकसभा भंग कर चुनाव में जाने का फैसला किया। यही वजह है कि इसके बाद से देश के आम चुनाव गर्मियों में हो रहे हैं। बता दें कि रामविलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी केन्द्र की एनडीए सरकार का घटक दल है। 2019 के चुनावों में भी लोजपा एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बिहार में गठबंधन के तहत भाजपा, जदयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं लोजपा को नवादा, जमुई समेत 6 सीटें दी गई हैं।
जमुई से लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान चुनाव मैदान में हैं। यही वजह है कि एनडीए के कई वरिष्ठ नेता यहां चुनाव प्रचार में जुटे हैं। राजनाथ सिंह से पहले पीएम मोदी भी गया में एक रैली कर नवादा और जमुई के मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर चुके हैं। बता दें कि 2019 के आम चुनाव 7 चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल को हो चुका है और अब राजनैतिक पार्टियां 18 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं।