Lok Sabha Election 2019: भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नेता उमा भारती ने मंगलवार (30 अप्रैल) को एक जनसभा संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गांधी शब्द इस्तेमाल करने का हक नहीं है। यह गांधी शब्द महात्मा गांधी से नहीं, बल्कि फिरोज गांधी से आया है। पीएम मोदी ही महात्मा गांधी के सच्चे अनुयायी हैं।
कांग्रेस पर ऐसे साधा निशाना: उमा भारती ने जनसभा के दौरान कहा, ‘गांधी’ शब्द महात्मा गांधी से नहीं, बल्कि फिरोज गांधी से आया है। फिरोज गांधी के जवाहर लाल नेहरू के साथ अच्छे संबंध नहीं थे। उन्हें अपने नाम में ‘गांधी’ सरनेम लगाने का कोई अधिकार नहीं था, लेकिन समाज में सम्मान पाने के लिए उन्होंने ऐसा किया। असल में यह मोदी जी हैं, जो महात्मा गांधी के पद चिन्हों का पालन कर रहे हैं।’
National Hindi News, 1 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
प्रियंका गांधी पर पहले भी कस चुकी हैं तंज : बता दें कि उमा भारती प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं को लेकर कई बार बयान दे चुकी हैं। उन्होंने 16 अप्रैल को भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज कसा था। उस दौरान उमा भारती ने कहा था, ‘जिसका पति चोरी के आरोप में हो, लोग उसे किस नजर से देखेंगे? चोर की पत्नी को किस नजर से देखा जाता है, हिंदुस्तान उसी नजर से देखेगा उनको।’ बता दें प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा पर मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है।

