Lok Sabha Election 2019: समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी। सूची में सबसे हैरान करने वाली बात सामने आई है। प्रचारकों की इस सूची से पार्टी के वरिष्ठ नेता व पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव का नाम शामिल नहीं किया है। पार्टी की तरफ से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में 40 नामों को शामिल किया गया है। यह सूची राम गोपाल यादव के नाम से जारी की गई है। स्टार प्रचारकों की सूची में मुलायम का नाम शामिल नहीं किए जाने को लेकर सियासी हलको में अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
सूची में सबसे पहला नाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का है।

दूसरे स्थान पर खुद राम गोपाल यादव हैं। सूची में आजम खान, जया बच्चन, डिंपल यादव और तेजप्रताप यादव को भी शामिल किया गया है। एसपी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी भी स्टार प्रचारकों में हैं। सूची में तीन राज्यसभा सांसदों जावेद अली खां, विश्वंभर प्रसाद निषाद और सुरेंद्र नागर को भी जगह मिली है।

इसके अलावा ने विधान परिषद् के छह सदस्यों को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। छह विधान परिषद् सदस्यों में परवेज अली, संजय लाठर, जितेंद्र यादव, राकेश यादव, आशु मलिक व राजपाल कश्यप शामिल हैं। इससे पहले बहुजन पार्टी ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर चुकी है।

दूसरी तरफ शिवपाल यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने भी शनिवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इस सूची में भी मुलायम सिंह यादव का नाम नहीं है। बड़े भाई के खड़ाऊ लेकर राजनीति का दावा करने वाले शिवपाल यादव के प्रचारकों की सूची में मुलायम का नाम शामिल नहीं होना भी हैरानी भरा है।

शिवपाल की इस सूची में पहला नाम खुद शिवपाल सिंह यादव और दूसरा नाम उनके बेटे आदित्य यादव का है। इससे एक दिन पहले ही मायावती ने अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। सूची में मायावती, सतीश चंद्र मिश्रा के अलावा मायावती के भतीजे आकाश आनंद का भी नाम था।

मायावती ने कुछ समय पहले ही आकाश को बड़ी जिम्मेदारी देने के संकेत दिए थे। आकाश मायावती के भाई आनंद कुमार बेटे हैं। इन दिनों आकाश राजनीति के गुर सीखने में जुटे हुए हैं।