Lok Sabha Election 2019 के लिए कानपुर लोकसभा सीट पर प्रचार के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘ये सरकार दुर्बल है, ये एक दुर्बल प्रधानमंत्री है। इनमें कोई आत्म शक्ति नहीं है आप इनकी दुर्बलता को पहचानिए। ये आपके सामने 56 इंच का सीना लेकर आते है क्योंकि ये दुर्बल हैं, क्योंकि लोकतंत्र को दुर्बल बनाने का काम कर रहे हैं। ये चाहते हैं कि जनता मजबूत न बने जनता सवाल न उठाए, विपक्षी सवाल न उठाए, आलोचना न करें, क्यों? आप में इतनी शक्ति है तो सह लीजिए। जो राजनेता सफल होता है जिसमें राजनीतिक शक्ति होती है वो जनता से नहीं घबराता है। जब जनता आवाज उठाती है तो वो डरता नहीं है। वो जनता की आवाज को दबाने की कोशिश नहीं करता है।’

शुक्रवार (19 अप्रैल) को प्रियंका गांधी ने कानपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी श्रीप्रकाश जायसवाल के समर्थन में रोड शो किया इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने विपक्षी पार्टी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘सबसे बड़ी देशभक्ति जनता की जागरूकता होती है आप जागरूक बन जाओ क्योंकि अब बहुत हो गया। ये झूठे प्रचार, झूठे वादे और झूठे भरोसे कि आप मुझे वोट दो हम आप को विकास देंगे। राजनेता जो भी है जिस भी पार्टी का है उसे अहसास होना चाहिए कि उसे बनाने वाले आप हो। अहसान आप ने किया है हम पर हम इस गाड़ी पर बैठे हैं, हाथ हिलाते हुए हमारे बच्चे फल रहे फूल रहे हैं। हम नेता हैं और आप के नेता हैं ये आप ने हम पर उपकार किया है।’

उन्होंने कहा, ‘हर मोड़ पर जो इनकी निंदा करते हैं जो आलोचना करते हैं। क्या एक राष्ट्रवादी सरकार जनता की आवाज को दबाने की कोशिश करेगी? यह हमारा सौभाग्य है कि जनता की आवाज उठा रही है और अपना अधिकार मांग रही है। जो जनता के दर्द को समझता है वो ये बातें समझता है।’

प्रियंका ने इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष का भी जिक्र किया और कहा, ‘मेरे भाई राहुल की प्रशंसा नहीं करनी चाहिए? आप यदि दोनों को देखें एक में सहने की शक्ति नहीं है लेकिन राहुल में सहने की शक्ति है और मुस्कुरा कर सहते हैं और खुश रहते हैं। जब उनकी कोई निंदा करता है, आलोचना करता है तो वो खुश होते हैं। यदि खुद से कोई गलती हो गई हो तो उसे सुधारना चाहिए इसे कहते हैं राजनीतिक शक्ति। इसे कहते हैं आत्मविश्वास और आत्मशक्ति, ये दुर्बलता है भाइयों-बहनों इसे पहचानों। यदि आप इसे नहीं पहचानोगे तो ये देश को दुर्बल बनाएगी। इनकी दुर्बलता लोकतंत्र को दुर्बल बनाएगी ,इनकी दुर्बलता संस्थाओं को दुर्बल बनाएगी।’

National Hindi News, 20 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की अहम खबरों के लिए क्लिक करें
उन्होंने कहा, ‘ये संस्थाएं और लोकतंत्र किसके लिए बनाए गए हैं? इन्हें जनता को शक्ति देने के लिए बनाया गया है। ये संविधान मजबूत रहेगा तो आप लोग मजबूत रहेंगे। सबसे बड़ी शक्ति यहां की जनता है। पांच साल आप देख चुके हैं। चाहे आप किसान हो, व्यापारी हो, युवा हो, शिक्षक हो या सरकारी कर्मचारी हो, बहुत सह लिया है आप ने।’
कानपुर लोकसभा सीट की जानकारी के लिए क्लिक करें
उन्होंने कहा, ‘मैं कांग्रेस पार्टी के लिए वोट मांगने नहीं आई हूं बल्कि इस देश के लिए वोट मांगने आई हूं। मैं संविधान के लिए वोट मांग रही हूं यदि आप इनको सबक नहीं सिखाएंगे तो पांच साल बाद आप को दुख होगा, मुझे दुख होगा।’ ‘प्रियंका नहीं ये आंधी है दूसरी इंदिरा गांधी है’ के नारे पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘आप लोग मुझे शर्मिन्दा कर रहे हैं। आप इंदिरा गांधी के साथ हैं इसलिए यहां खड़े हैं। आप सच्चाई को पहचानते हैं इंदिरा जी ने आप के लिए जान दी है चाहे विपक्षी कुछ भी कहें। सेवा की भावना इंदिरा जी के दिल में थी और यही भावना मेरे दिल में और राहुल के दिल में है। आप हमें मौका दे या नहीं दे लेकिन हम सेवा करेंगे।’

