Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting: पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार पर हमले, बिहार में मारपीट और ईवीएम में खराबी की खबरों के बीच लोकसभा चुनाव के छठे चरण में देश भर में 59 सीटों मतदान हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 , हरियाणा की दस, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटों पर वोट डाले गए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी सात सीटों और झारखंड की चार सीटों के लिए भी मतदान कराया गया।
कुल 59 सीटों पर कुल 61.14 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में 80.16 प्रतिशत, दिल्ली में 56.11 प्रतिशत, हरियाण में 62.91 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 53.37 प्रतिशत, बिहार में 59.29 प्रतिशत, झारखंड में 64.46 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 60.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दिल्ली में अपना वोट डालने वाले लोगों में शामिल हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केन्द्रीय मंत्री और चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हर्षवर्धन, पूर्व क्रिकेटर एवं भाजपा के पूर्वी दिल्ली सीट से उम्मीदवार गौतम गंभीर, नई दिल्ली और उत्तरपूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन और शीला दीक्षित ने भी अपना वोट डाला।
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में ईवीएम में खराबी की खबरों के बीच कुछ बूथों पर मतदान देर से शुरू हुआ। दिल्ली के गृह मंत्री सत्येन्द्र जैन ने दावा किया कि तीन मतदान केन्द्रों पर मतदान 50 मिनट की देरी से शुरू हुआ।
पश्चिम बंगाल में कुछ क्षेत्रों में हिंसा की खबरें होने के बीच अच्छी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने की खबर है। राज्य सीईओ कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘केशपुर में एक या दो स्थानों से गड़बड़ी की कुछ घटनाओं के अलावा मतदान शांतिपूर्ण ढ़ंग से हुआ। केशपुर में मतदान केन्द्र में घुसने का प्रयास कर रही भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष पर हमले की खबरें है। पुलिस ने बताया कि गड़बड़ी की शिकायतें मिलने के बाद जब भारती ने केशपुर में एक अन्य मतदान केन्द्र में जाने का प्रयास किया तो उनके काफिले पर बम फेंके गये और पथराव किया गया।
यह भी आरोप है कि भाजपा उम्मीदवार के साथ चल रहे केन्द्रीय बल के कर्मी की गोलीबारी में तृणमूल कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक किसी गोलीबारी की कोई रिपोर्ट नहीं है। हम इस मामले को देख रहे है। जिलों में हमारे अधिकारियों को भारती घोष पर हमलों की घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भेजने के लिए कहा गया है।’’ भीड़ ने उन्हें तितर-बितर करने का प्रयास कर रहे पुलिसर्किमयों पर पथराव भी किया।
Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019


लोकतंत्र के महापर्व में पहली बार वोट डाल रहे मतदाताओं में रविवार को काफी उत्साह देखने को मिला। वह वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी हुई उंगली दिखाते हुए सेल्फी भी ले रहे थे। चुनावी प्रक्रिया में अपनी नई जिम्मेदारी से युवा काफी खुश नजर आ रहे थे। युवाओं में खास तौर पर पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास, महिला सुरक्षा, रोजगार के अवसर, बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा नीति चुनाव के मुख्य मुद्दे थे। कालकाजी निवासी प्रेरणा कपूर ने मुस्कुराते हुए बताया, ‘‘ सरकार चुनने की प्रक्रिया का हिस्सा बनकर मैं काफी जिम्मेदार और सशक्त महसूस कर रही हूं। सभी को वोट डालना चाहिए। मैंने आतंकवाद, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की अर्थव्यवस्था के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए वोट किया।’’ पहली बार वोट डाल रहीं उर्वशी का कहना है कि वह अमेरिका से दिल्ली सिर्फ वोट डालने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ इन दिनों सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है और अगर आपने वोट नहीं डाला तो लोग आपका आकलन करने लगते हैं।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को मध्यप्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर कुल 64.24 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में इन आठ सीटों पर हुए कुल मतदान की तुलना में 7.43 प्रतिशत अधिक है। यह रात नौ बजे का आंकड़ा है और अंतिम आंकड़ा देर रात या कल सुबह तक मिलने की उम्मीद है। राज्य में सभी जगह पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना होने की खबर नहीं है।
झारखंड में तीसरे चरण में चार लोकसभा सीटों पर रविवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से कुल 65.17 प्रतिशत भारी मतदान हुआ और यहां नक्सलियों के चुनाव बहिष्कार के आह्वान का कहीं भी कोई प्रभाव देखने को नहीं मिला। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार आज राज्य में चार लोकसभा सीटों के लिए कुल 65.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
गिरिडीह के पीरटांड, टुंडी तथा धनबाद के अनेक ऐसे इलाकों में भारी मतदान हुआ जहां माओवादियों के भय से लोग मतदान के लिए घर से बाहर नहीं निकलते थे। राज्य के जल संसाधन मंत्री और राजग-आजसू के गिरिडीह से प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चैधरी, भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी और सिंहभूम सीट से प्रत्याशी गीता कोड़ा और भाजपा के तीन निवर्तमान सांसदों -प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, जमशेदपुर से विद्युत बरण महतो और धनबाद से पी एन सिंंह के भाग्य का फैसला ईवीएम मशीनों में बंद हो गया।
छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर कुल 61.14 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में 80.16 प्रतिशत, दिल्ली में 56.11 प्रतिशत, हरियाण में 62.91 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 53.37 प्रतिशत, बिहार में 59.29 प्रतिशत, झारखंड में 64.46 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 60.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों के कुल 59 सीटों पर हुए मतदान में 6 बजे तक कुल 59.70 प्रतिशत वोटरों ने वोट दिया। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 80.13 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं, दिल्ली में 55.44 प्रतिशत, हरियाणा में 62.14 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 50.82 प्रतिशत, बिहार में 55.04 प्रतिशत, झारखंड में 64.46 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 60.12 प्रतिशत वोटिंग हुई।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने कहा, "मैं अपने वोट का प्रयोग करने राजगढ़ नहीं जा सका। मुझे इसके लिए खेद है। अगली बार मैं अपना नाम भोपाल में दर्ज करवाउंगा।"
बिहार में मारपीट, पश्चिम बंगाल में गोलीबारी के बीच छठे चरण का मतदान संपन्न हो गया। दिग्विजय सिंह, साध्वी प्रज्ञा, अखिलेश यादव सहित कई उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। 23 मई को नतीजे ये बताएंगे कि जनता ने किसके पक्ष में जनादेश दिया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दावा किया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से डरी हुई है और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को भी जेल जाने का डर सता रहा है। योगी ने बलिया में चुनावी रैली में अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में गिरफ्तार क्रिश्चियन मिशेल का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज किया, ''कांग्रेस मोदी जी से भयग्रस्त हो गई है, क्योंकि वह जान गई है कि मोदी जी इटली से मामा को लाकर जेल में पहुँचा चुके हैं। भांजे को भी जेल जाने का डर सता रहा है।''
हरियाणा में 10 लोकसभा सीटों पर रविवार को मतदान पूरा होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को राज्य में 30 स्थानों पर स्थापित किए गए 90 स्ट्रॉंग रूम में रखा जाएगा। राज्य के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत ने रविवार को कहा कि स्ट्रॉंग रूम के बाहर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे और स्ट्रॉंग रूम के अंदर सीसीटीवी नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉंग रूम की स्थापना भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप की गई है। आयोग के निर्देशों के अनुसार स्ट्रॉंग रूम में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रखने और रूम को सील करने संबंधी समूची प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
इंद्रजीत ने कहा, ‘‘यदि स्ट्रॉंग रूम में एक से अधिक द्वार होगा तो एक द्वार को छोड़कर सभी अन्य द्वारों और खिड़कियों को सील कर दिया जाएगा। स्ट्रांग रूम में दोहरी ताला प्रणाली और इसकी सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रणाली होगी।’’ इंद्रजीत ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्ट्रॉंग रूम को आग, बाढ़ और भूकंप जैसी आपातकालीन स्थिति में ही खोला जा सकता है, लेकिन इसके लिए आयोग को सूचना देना और अग्रिम मंजूरी लेना आवश्यक होगा।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को कहा कि देश स्थायी और निर्णायक प्रधानमंत्री चाहता है न कि ठेके पर। विपक्षी गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के कई उम्मीदवार होने की ओर इशारा करते हुए नकवी ने कहा, ‘‘देश ठेके पर प्रधानमंत्री नहीं चाहता है, जहां छह महीने के लिए कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री होगा और अगले छह महीने के लिए कोई और व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा।’’ उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में जोर देकर कहा कि लोग एक मजबूत और निर्णय करने वाली सरकार चाहते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘देश जुगाड़ अथवा जोड़ तोड़ की सरकार नहीं चाहता है।’’ अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में विकास के जो काम हुए हैं, लोग उसके लिए मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। नकवी ने दावा किया, ‘‘अधिकतर विपक्षी दल निर्वाचन के बाद अपनी पहचान खो देंगे क्योंकि वे अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं ।’’
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में चार लोकसभा सीटों के लिए रविवार दोपहर तीन बजे तक कुल 56.38 प्रतिशत मतदान हुआ। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि आज दोपहर तीन बजे तक राज्य में कुल 56.38 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ हुआ और यह शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। विशेषकर सिंहभूम में बंपर मतदान हो रहा है जहां दोपहर तीन बजे तक 59.96 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा के बीच कांटे का मुकाबला है। दोपहर तीन बजे तक गिरिडीह में कुल 56.51 प्रतिशत मतदान हुआ। जमशेदपुर में भी 58.74 प्रतिशत मतदान तीन बजे तक हो चुका था। राज्य के धनबाद में दोपहर तीन बजे तक 52.14 प्रतिशत मतदान हुआ है।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान जारी है और चुनाव आयोग के हवाले से इससे जुड़ी प्रमुख बातें इस प्रकार हैं-
1. सात राज्यों में 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
2. 10.17 करोड़ से अधिक मतदाता 979 उम्मीदवारों के राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे ।
3. मतदान के सुचारू संचालन के लिए 1.13 लाख से अधित मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
4. पिछले पांच चरणों में 543 सीटों में से 424 सीटों पर मतदान हो चुका है।
5. प्रतिशत के अनुसार पिछले पांच चरणों में कुल 78 प्रतिशत सीटों पर मतदान हो चुका है।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के दौरान राष्ट्रीय राजधानी की सात सीटों पर रविवार को हो रहे मतदान के दौरान अलग-अलग जगहों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें मिली हैं। मटिया महल क्षेत्र के निवासी आदर्श गुप्ता ने दावा किया कि मतदान केंद्र 84, 85 और 86 पर सुबह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन काम नहीं कर रही थीं। आम आदमी पार्टी के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र संख्या 116, 117 और 122 पर ईवीएम काम नहीं कर रही हैं।
भारती ने ट्वीट किया ‘‘हौजरानी के मतदान केंद्र 132 पर बिना कोई वोट डाले ही ईवीएम 50 वोट दिखा रही है।’’ मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि सुबह 5.5 प्रतिशत ईवीएम को बदला गया है। ईवीएम में खराबी की शिकायतें चांदनी चौक और पश्चिम दिल्ली से आई हैं। सिंह ने बताया, ‘‘सुबह छद्म मतदान कराया गया और जहां मशीनें होने का पता चला वहां ईवीएम को बदल दिया गया। सुबह के समय में 5.5 फीसदी मशीनों को बदला गया है और हो सकता है कि इसकी वजह से मतदान शुरू होने में देरी हुई हो।’’
पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बेहद अहम चुनाव है, क्योंकि हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। मैंने यही सोचकर वोट किया है।
यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली के निर्माण भवन पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित भी उनके साथ थीं। दिल्ली के लोधी एस्टेट के एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस ईस्ट यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने भी वोट डाला। इस दौरान उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी उनके साथ थे।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: सुबह 9 बजे तक मतदान की प्रतिशतता यह रही: बिहार-9.03, हरियाणा- 3.74, एमपी- 4.01, यूपी- 6.86, पश्चिम बंगाल- 6.58, झारखंड- 12.45, दिल्ली- 3.74
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: बिहार में 127 उम्मीदवार मैदान में है, जिनमें केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह समेत चार मौजूदा सांसद शामिल हैं। इस चरण में रविवार को राज्य की आठ लोकसभा सीटों शिवहर, वाल्मिकी नगर, पश्चिमी चंपारन, पूर्वी चंपारन, सीवान, गोपालगंज, महाराजगंज और वैशाली में मतदान होना है। बिहार के 127 उम्मीदवारों में 16 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें वैशाली सीट पर 8, सीवान में चार और शिवहर, महाराजगंज, पूर्वी चंपारन और वाल्मिकी नगर सीट पर एक एक महिला उम्मीदवार हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: झारखंड में राज्य के मंत्री चन्द्रप्रकाश चौधरी, पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजा और पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता समेत 67 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में झारखंड की धनबाद, गिरीडीह, जमशेदपुर और सिंघभूम (आरक्षित) सीटों पर चुनाव होना है। 2014 में इन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। कुल मिलाकर 31,79,720 महिलाओं और थर्ड जेंडर के 116 मतदाताओं समेत, 66,85,401 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा, कांग्रेस और वाम मोर्चे के घटक दलों भाकपा और फॉरवर्ड ब्लॉक मुख्य दावेदार हैं। इस चरण में बांकुरा के वन क्षेत्र जंगलमहल, पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम और पुरुलिया जिलों मतदान होना है, जो पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार के दौरान माओवादियों का गढ़ कहे जाते थे।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री और रोहतक से कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूपेन्द्र सिंह हुड्डा इस बार लोकसभा चुनाव में सोनीपत से किस्मत आजमा रहे हैं। इससे पहले हुड्डा रोहतक से चार बार सांसद रह चुके हैं। हुड्डा के बेटे और रोहतक से मौजूदा सांसद दीपेन्द्र इस बार भी इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। अन्य उम्मीदवारों में केन्द्रीय मंत्री बीरेन्द्र सिंह के बेटे बृजेन्द्र सिंह (भाजपा) और पूर्व केन्द्रीय मंत्री भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई (कांग्रेस) हिसार सीट पर एक दूसरे के सामने हैं। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ओ पी चौटाला के पोते तथा नवगठित जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला भी मैदान में हैं। दुष्यंत यहां से मौजूदा सांसद हैं। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी शैलजा अंबाला और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक तंवर सिरसा से चुनाव लड़ रहे हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: ईस्ट दिल्ली से चुनावी मैदान में उतरे पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने सुबह-सुबह ही वोट डाला। वहीं, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने गुरुग्राम में मताधिकार का इस्तेमाल किया।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां सभी सात सीटों पर चुनाव होना है, जहां 18 महिलाओं समेत 164 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। दिल्ली में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। राजधानी में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और उम्मीदवार शीला दीक्षित, मुक्केबाज विजेन्दर सिंह, भाजपा उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री हर्षवर्धन, आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आतिशी और क्रिकेटर तथा नेता और भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर पर सभी की निगाहें टिकी हैं। हरियाणा में केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर समेत 223 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: मध्य प्रदेश की भोपाल, मुरैना, भिंड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा और राजगढ़ सीटों पर भी मतदान होगा। मध्य प्रदेश में यह तीसरे चरण का मतदान है। यहां पहले चरण में 29 अप्रैल और दूसरे चरण में 6 मई को मतदान हो चुका है। अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा। भोपाल सीट पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बीच मुकाबला है। वहीं गुना सीट पर कांग्रेस महासिचव और उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनाव लड़ रहे हैं। मुरैना से केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह तोमर मैदान में हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: आजमगढ़ में इस बार अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव की जगह चुनाव लड़ रहे हैं जिनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ है। सुल्तानपुर में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है जहां भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर पिछले चुनाव में उनके बेटे वरुण गांधी ने जीत हासिल की थी। इस बार मां-बेटे की सीट में अदला बदली की गई। मेनका वरुण की जगह सुल्तानपुर से चुनाव लड़ रही हैं तो वरुण अपनी मां मेनका की सीट पीलीभीत से किस्मत आजमा रहे हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में शनिवार रात एक बीजेपी कार्यकर्ता मृत हालत में मिला। पार्टी का दावा है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस इस बीजेपी कार्यकर्ता की मौत के लिए जिम्मेदार है। कोलकाता से 167 किमी दूर झाड़ग्राम में रविवार को छठवें चरण का मतदान है। यह उन आठ संसदीय सीठों में से एक है, जहां पश्चिम बंगाल में वोटिंग है। तृणमूल ने बीजेपी कार्यकर्ता रमिन सिंह की मृत्यु से किसी तरह के संबंध होने से इनकार किया है। उधर, ईस्ट मेदिनीपुर के भगवानपुर इलाके में दो बीजेपी कार्यकर्ताओं अनंत गुचैत और रंजीत मैती को गोली मार दी गई। दोनों को घायल हालात में अस्पताल ले जाया गया।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: भाजपा ने 2014 के चुनाव में इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 में से 13 सीटों पर जीत हासिल की थी, एकमात्र अपवाद आजमगढ़ था जहां से सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को जीत मिली थी। हालांकि भाजपा को बीते साल फूलपुर और गोरखपुर संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में भाजपा विरोधी गठबंधन इस सीट पर अपनी जीत को बरकरार रखने की उम्मीद लगाए हुए है।
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting LIVE Updates: लोकसभा चुनाव के इस चरण को भाजपा के लिये कड़ी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि 2014 के चुनाव में भाजपा ने इनमें से 45 सीटें जीतीं थीं जबकि तृणमूल कांग्रेस को आठ, कांग्रेस को दो और समाजवादी पार्टी और लोजपा को एक-एक सीट पर जीत मिली थी।