Lok Sabha Election 2019:महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। राज्य में एनसीपी के साथ गठबंधन कर चुनाव में उतरी कांग्रेस को स्थानीय स्तर पर कई जगह पार्टी में असंतोष का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य के अहमदनगर की पूरी कांग्रेस जिला इकाई ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। हाल ही में पार्टी को जलगांव में भी स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के असंतोष का सामना करना पड़ा। जलगांव में पार्टी के नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी महासचिव के मुंह पर कालिख पोत दी थी।
पश्चिम महाराष्ट्र की इस लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से सुजय विखे पाटिल चुनाव मैदान में हैं। सुजय विखे पाटिल के पिता राधाकृष्ण विखे पाटिल महाराष्ट्र में कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं।

कांग्रेस नेता अहमदनगर से अपने बेटे को चुनाव मैदान में उतारना चाहते थे लेकिन कांग्रेस-एनसीपी में गठबंधन के तहत यह सीट एनसीपी के खाते में गई है। एनसीपी ने सुजय विखे पाटिल को यहां से उम्मीदवार बनाने में रुचि नहीं दिखाई। एनसीपी ने यहां से संग्राम जगताप को मैदान में उतारा है।

[bc_video video_id=”6019959300001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

इसके बाद इस महीने की शुरुआत में सुजय भाजपा में शामिल हो गए थे। कांग्रेस की अहमदनगर इकाई के महासचिव बालासाहेब हारल ने कहाकि अहमदनगर तालुका में विकास अघाड़ी एक स्थानीय मोर्चा है, ने सुजय विखे पाटिल का समर्थन करने की घोषणा की है।

इस मोर्चे में शिवसेना के लोग भी शामिल हैं। हालांकि, हारल ने कहा कि भाजपा को समर्थन करने का फैसला आघाड़ी का है, कांग्रेस का नहीं। हारल ने कहा कि अहमदनगर में एनसीपी ने हमारे खिलाफ मोर्चा खोल दिया था… सुजय विखे पाटिल ने जिला परिषद् चुनाव में हमारे लिए काफी मेहनत की थी।

वह भाजपा की तरफ मजबूरी में गए हैं। अघाड़ी में हम सब ने उनका समर्थन करने का फैसला किया है।

कर्नाटक में भाजपा के पक्ष में लगाए नारेः कर्नाटक के पीडब्ल्यूडी मंत्री और जदएस के नेता एच डी रेवन्ना के अलावा स्थानीय कांग्रेस नेता उस समय हतप्रभ रह गए जब एक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीधे तौर पर उनके पुत्र रेवन्ना को हासन में लोकसभा चुनावों में समर्थन देने से इंकार कर दिया।

जदएस के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पौत्र प्रज्ज्वल हासन से सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार हैं। यहां का प्रतिनिधित्व गौड़ा करते रहे हैं। यह घटना रेवन्ना के सामने हुई जो यहां एक सार्वजनिक सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समर्थन मांगने आए थे।