Lok Sabha Election 2019: आम चुनाव से ऐन पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाराणसी में एक वकील ने उनके खिलाफ सोमवार (एक अप्रैल, 2019) को केस दर्ज करा दिया। अदालत में वकील ने दावा किया है कि प्रियंका ईसाई हैं और वह काशी विश्वनाथ के दर्शन नहीं कर सकती हैं। आरोप है कि उन्होंने वहां मंदिर परिसर में पूजा कर उसे अवपवित्र किया और हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई।

चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में इस मसले पर 12 अप्रैल को सुनवाई होगी। दरअसल, यूपी दौरे के तहत प्रियंका 20 मार्च को वाराणसी गई थीं। वहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की थी। वकील कमलेश चंद्र त्रिपाठी ने उसी को लेकर 27 मार्च को सीजेएम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और प्रियंका के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए याचिका दी थी।

याचिका में त्रिपाठी ने दावा किया कि प्रियंका ईसाई धर्म में विश्वास रखती हैं। फिर भी उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने ‘एएनआई’ को आगे बताया, “कोर्ट ने मेरी याचिका पर प्रियंका पर केस दर्ज करने का आदेश दिया है। 12 अप्रैल को मामले पर सुनवाई होगी।”

वकील के हवाले से यह भी बताया गया कि ईसाई होने के कारण प्रियंका को हिंदू धर्म नहीं मानना चाहिए। साथ ही खाने की बात करें तो वह मांसाहारी भी हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रियंका पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 419, 295, 295ए और 171एच के तहत मामला दर्ज हुआ है।

वकील ने प्रियंका के अलावा मंदिर के पुजारी राजन तिवारी के खिलाफ भी केस दर्ज हो, क्योंकि उन्होंने पूजा के दौरान प्रियंका की मदद की थी और मंत्रोच्चार किया था। इतना ही नहीं, वकील ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस संबंध में मदद मांगी है। कुछ टीवी मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो त्रिपाठी ने मांग की है कि मंदिर में प्रियंका के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019