Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस की पूर्व सांसद और अभिनेता संजय दत्त की बहन का कहना है कि नरेंद्र मोदी सबसे खराब प्रधानमंत्री हैं। प्रिया ने कहा कि आज कोई भाजपा सरकार की बात नहीं कर रहा है। सब लोग मोदी सरकार के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे क्या पता लगता है। भाजपा के भीतर भी उदारवादी लोगों को साइडलाइन कर दिया गया है।
रेडिफ.कॉम से बातचीत में प्रिया दत्त ने कहा, ‘आज जब भाजपा उम्मीदवार वोट मांगता है तो कहता है, ‘मोदीजी को वोट दीजिए। वे लोग अपने लिए वोट तक नहीं मांग रहे। यह क्या दर्शाता है।’ साल 2014 में मोदी लहर में हार के बाद प्रिया ने कहा उन्हें गलती से लगा था कि बदलाव अच्छा होता है। पीएम के बारे में प्रिया ने कहा कि मैंने उन्हें अधिनायकवादी पाया और भारत के लिए यह खतरनाक है। वह वो आदमी नहीं हैं जिन्हें मैं व्यक्तिगत रूप से जानती थी। वह बहुत बड़ा किरदार बनने का प्रयास कर रहे हैं, एक सुपरमैन जो उड़ कर भारत को बचा लेगा।
भारतीय राजनीति में सबसे खराब तीन लोगों के बारे में पूछे जाने पर प्रिया बिना किसी झिझक के जवाब देती हैं। प्रिया दत्त ने कहा कि भारत में ध्रुवीकरण, सांप्रदायिकता और असहिष्णुता तेजी से बढ़ रही है। प्रिया ने कहा था कि उनके पिता को ब्रांड की राजनीति पसंद नहीं थी, जिस तरह की राजनीति आज हो रही है।
प्रिया दत्त ने इस बार चुनाव प्रचार के लिए अपनी रणनीति बदली है। बडे़ रोड शो करने के बदले वह इस बार छोटी-छोटी बैठकें कर रही हैं। इस दौरान वह अपने संसदीय क्षेत्र में समय बिता रही हैं। प्रिया घर-घर जाकर प्रचार करने में यकीन रखती हैं। प्रिया की मुंबई नॉर्थ सेंट्रल संसदीय सीट पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
प्रिया राजनीति में बॉलीवुड की स्टार पावर का प्रयोग करने से दूर रहती हैं जबकि मोदी और भाजपा अपनी और ब्रांड की पहुंच बनाने के लिए सेलिब्रिटी पावर का प्रभावी रूप से प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव की घोषणा होते ही प्रधानमंत्री ने लोगों को वोट करने के लिए प्रेरित करने के लिए सेलिब्रिटीज को टैग करना शुरू कर दिया। पिछले साल भाजपा ने संपर्क फॉर समर्थन कार्यक्रम किया था। इसके तहत 1 लाख सेलिब्रिटीज तक पहुंचने की योजना बनाई गई थी। इसमें सिनेमा और खेल जगत से लोग भी शामिल थे।
