Lok Sabha Election 2019: केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के बाद अब उनके बेटे वरुण गांधी ने विवादित बयान दिया है। वरुण गांधी ने पीलीभीत में चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी दल के नेताओं को पाकिस्तानी बताया। वरुण गांधी यहां एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
वरुण लोगों से वोट मांगते हुए कहते हैं, ‘मेरी मां 35 साल से राजनीति में हैं, कोई धब्बा नहीं लेकिन फिर भी मैं अपनी मां के नाम पर नहीं इस भारत माता के नाम पर वोट मांग रहा हूं। क्या आप सब लोग भारत माता के नाम पर वोट देने को तैयार हैं। वरुण के इस बात पर सभा में मौजूद लोग हाथ उठाकर वरुण गांधी की बात का समर्थन करते हैं।
Lok Sabha Election 2019 Phase 5 Voting LIVE UPDATES
इसके बाद वरुण कहते हैं क्या आप हिंदुस्तान साथ के साथ है…या पाकिस्तान के साथ हैं। वे आगे कहते हैं, ‘क्योंकि ये आपने जो गठबंधन को जिता दिया तो भइया ये तो पाकिस्तान के आदमी हैं… क्या मैं गलत कह रहा हूं। वे विपक्षी गठबंधन को वोट नहीं देने की अपील करते दिख रहे हैं। इसके बाद वरुण यहीं नहीं रुके उन्होंने 1990 की घटना का भी जिक्र किया।
उन्होंने कार सेवकों के अयोध्या जाने की बात कही। वरुण ने कहा, ‘किसने गोलियां मारी राम भक्तों पर बताइए… 500 आदमी मारे उसमें खून बहाया… हम भूल नहीं सकते इन बातों को… क्या मैं झूठ बोल रहा हूं।’ उस समय समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। वरुण गांधी अभी सुल्तानपुर से सांसद है। वे इस बार पीलीभीत से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि उनकी मां मेनका गांधी इस बार उनकी संसदीय सीट सुल्तानपुर से चुनाव मैदान में हैं।
बसपा प्रत्याशी पर साधा था निशानाः इससे पहले वरुण गांधी ने एक चुनावी सभा में बसपा प्रत्याशी चंद्रभान सिंह उर्फ मोनू सिंह पर निशाना साधा था। वरुण ने कहा था, ‘मैं संजय गांधी का लड़का हूं, ऐसे लोगों से अपने जूते खुलवाता हूं।’ उन्होंने लोगों से कहा था कि आप लोगों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। केवल भगवान से डरा जाता है। इस धरती पर कोई माई का लाल आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। सुल्तानपुर में लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है। चुनाव परिणाम की घोषणा 23 मई को मतों की गिनती के बाद की जाएगी।
