कर्नाटक के पच्चीसवें मुख्यमंत्री बनने जा रहे एच डी कुमारस्वामी दक्षिण भारत के एक मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता एचडी देवगौड़ा 1994 से 1996 तक राज्य के चौदहवें मुख्यमंत्री थे और मुख्यमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री बने थे। देवगौड़ा ऐसे पहले शख्स हैं जो सीएम से सीधे पीएम बने। वो पिछड़ी जाति के वोक्कलिगा समुदाय से आते हैं। उनके तीसरे बेटे एचडी कुमारस्वामी कांग्रेस के सहयोग से राज्य के दोबारा सीएम बनने जा रहे हैं। इससे पहले साल 2006 में कुमारस्वामी बीजेपी के सहयोग से पहली बार सीएम बने थे। तब उनकी सरकार बीस महीने तक ही चली थी।

कुमारस्वामी का परिवार बहुत बड़ा है। वो चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर हैं। सबसे बड़े भाई एचडी बालकृष्ण रिटायर्ड अधिकारी हैं। वो कर्नाटक प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे हैं और 2005 में ही सेवानिवृत हुए हैं। दूसरे नंबर के बड़े भाई का नाम एचडी रेवन्ना है। वो राजनेता हैं। धरम सिंह और कुमारस्वामी की पिछली सरकार में रेवन्ना पीडब्ल्यूडी और ऊर्जा मंत्री थे। रेवन्ना पिछले नौ साल से कर्नाटक मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष भी हैं। वो लंबे समय से कर्नाटक विधान सभा के सदस्य रहे हैं। तीसरे नंबर पर खुद कुमारस्वामी हैं। उनसे छोटे भाई एचडी रमेश पेशे से डॉक्टर हैं और गौड़ानगर (पद्माभनगर) में अपना नर्सिंग होम चलाते हैं। वो राजनीति से कोसों दूर हैं।

एचडी कुमार स्वामी अपनी पहली पत्नी अनीता कुमारस्वामी के साथ।

दो बहनें अनसुय्या और शैलजा हैं जो राजनीति से दूर कुशल गृहणी हैं। दोनों के पति डॉक्टर हैं। अनसुय्या की शादी कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. सी एन मंजूनाथ से हुई है। ये लोग गौड़ानगर में ही रहते हैं। परिवार में सबसे छोटी बहन शैलजा की शादी डॉ. चंद्र शेखर से हुई है, जो ऑर्थोपेडिक सर्जन हैं। कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी केमिकल इंजीनियर हैं। एचडी देवगौड़ा के पीएम रहते हुए उन्हें एक पेट्रोल पंप आवंटित हुआ था तब खूब हंगामा मचा था।

कुमारस्वामी का विवादों से भी नाता रहा है। कहा जाता है कि शादीशुदा होने के बावजूद उन्होंने अपने से बहुत कम उम्र की कन्नड़ एक्ट्रेस राधिका से शादी कर ली थी। इस दंपत्ति की एक बेटी भी है। पिछले कुछ दिनों से कुमारस्वामी और राधिका कुमारस्वामी का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब कहा जा रहा है कि राधिका कुमारस्वामी से अलग रहती हैं और कन्नड़ फिल्मों में व्यस्त हैं। जेडीएस के नेता राधिका से कुमारस्वामी के रिलेशनशिप को पुरानी कहानी बताते हैं और कहते हैं कि चैप्टर क्लोज हो चुका है। जेडीएस सूत्रों के मुताबिक एचडी देवगौड़ा ने भी उस रिलेशन के कभी स्वीकार नहीं किया। उनके मुताबिक देवगौड़ा कुमारस्वामी की पहली पत्नी अनीता को बहू से ज्यादा बेटी की तरह मानते हैं। अनीता कुमारस्वामी भी एक बहू, बेटी, मैनेजर की भूमिका में रहती हैं। उन्होंने 2013 में चेन्नपटना से विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गई थीं। इस बार पारिवारिक विवाद की वजह से कुमारस्वामी ने रामनगरम के साथ-साथ चेन्नपटना से भी चुनाव जीता है। संभवत: वो ये सीट अनीता कुमारस्वामी के लिए खाली कर देंगे।