लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता की। उस प्रेस वार्ता में दोनों ने जोर देकर कहा कि 4 जून को पीएम नरेंद्र मोदी की विदाई होने जा रही है। यहां तक कहा गया कि बीजेपी डराकर वोट हासिल करना चाहती है, लेकिन जनता अब गुमराह नहीं होने वाली। कांग्रेस अध्यक्ष का तो सारा फोकस इस बात पर रहा कि कांग्रेस ने इस देश के लिए काफी काम किया।
खड़गे ने गिनाए कांग्रेस के काम
खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने(कांग्रेस) देश को बहुत कुछ दिया है। महात्मा गांधी ने आजादी दिलाई, जवाहर लाल नेहरु ने लोकतंत्र की बुनियाद डाली, डॉ. बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान लिखा… ये लोग(भाजपा) इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं… हम ये नहीं कहते कि हमारे पास इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है। पहली बार RSS के नेता मोहन भागवत ने कहा था कि अगर हम आएंगे तो हम संविधान में बदलाव लाएंगे…. उत्तर प्रदेश में तो भाजपा नेता संविधान बदलने की बातें करते ही रहते हैं और मुझे हैरानी होती है कि पीएम मोदी इस पर चुप बैठे रहते हैं… ये देश, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का विषय है। इस पर आप(पीएम मोदी) क्यों नहीं बोलते?
इंडिया गठबंधन को लेकर बड़ा दावा
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन की स्थिति काफी मजबूत है और चार चरणों के बाद बीजेपी की तुलना में वे काफी आगे चल रहे हैं। इस बारे में खड़गे ने कहा कि चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, INDIA गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने PM मोदी की विदाई तय कर दी है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 4 जून को INDIA गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है। 2024 का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है, यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह दो विचारधाराओं के बीच का चुनाव है।
अखिलेश ने क्या कहा?
अब कांग्रेस अध्यक्ष ने अगर इंडिया गठबंधन की स्थिति को मजबूत बताया, अखिलेश यादव ने पेपर लीक मुद्दे को उठाने का काम किया। उनकी तरफ से दो टूक कहा गया कि बीजेपी राज में बच्चे परेशान हैं, उनके माता-पिता परेशान हैं, समय से पहले पेपर लीक हो रहे हैं, नौकरियां नहीं हैं। इसके ऊपर अखिलेश ने बहुजन समाज पार्टी पर भी बड़ा हमला करने का काम किया। उनकी तरफ से कहा गया कि संविधान बचाने के लिए देश की जनता को अपना वोट खराब नहीं करना चाहिए।
चार चरण की वोटिंग, दावे अपने-अपने
अखिलेश ने कहा कि मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। INDIA गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मज़बूत किया जा सके। जानकारी के लिए बता दें कि अभी चार चरण की वोटिंग संपन्न हो चुकी है। पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार हर चरण में वोटिंग कम हुई है, पहले दो चरण में तो ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी। सभी पार्टियों के अपने दावे चल रहे हैं, कोई मान रहा है कि कम वोटिंग का उन्हें फायदा होने वाला है तो कोई इसे सत्ता परिवर्तन का संकेत मान रहा है।