कर्नाटक में जारी सियासी अस्थिरता के बीच कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का बड़ा बयान सामने आया है। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले कुमारस्वामी का यह बयान कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर हद पार करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा, ‘कांग्रेस नेता ऐसा ही करना चाहते हैं तो मैं पीछे हटने को तैयार हूं।’ उल्लेखनीय है कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु जनादेश सामने आने के बाद से ही राज्य में जोड़-तोड़ के आरोप, विधायकों की चेतावनियों और मान-मनौव्वल का दौर जारी है।

कांग्रेस MLA ने सिद्दारमैया को बताया था सीएमः दरअसल राज्य में कुछ कांग्रेसी विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री के सिद्दारमैया को ही अपना मुख्यमंत्री बताया था। इस पर जब कुमारस्वामी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘इस तरह के तमाम मुद्दों को कांग्रेस के नेताओं को देखना चाहिए। ये मेरा काम नहीं है। अगर उन्हें (कांग्रेस) यही करना है तो मैं पीछे हटने (मुख्यमंत्री पद छोड़ने) को तैयार हूं। वे हद पार कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को अपने विधायकों पर नियंत्रण रखना चाहिए।’

कांग्रेस ने कहा- इसमें बुराई क्या हैः वहीं इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘सिद्दारमैया सबसे अच्छे मुख्यमंत्री रहे हैं। वो हमारे नेता हैं। विधायकों के लिए वो मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने अपनी भावना जाहिर की है तो इसमें गलत क्या है? हम सभी कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के साथ खुश हैं।’ उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस ने भाजपा पर सरकार गिराने के लिए ऑपरेशन लोटस के जरिये जोड़-तोड़ का भी आरोप लगाया था। कयास लगाए जा रहे थे कि बीएस येदियुरप्पा सदन में अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं।