Karnataka Elections: कर्नाटक में 10 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी शोर आज थम जाएगा। वोटरों को लुभाने के लिए सभी दलों ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रचार के आखिरी दिन आज गांधी परिवार के कई कार्यक्रम हैं। कर्नाटक में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी रोड शो करेंगे। उधर बीजेपी के भी कई बड़े नेता आज अलग-अलग जनसभा करेंगे। कर्नाटक में 10 मई को होने वाले मतदान के लिए बीजेपी इस बार 38 साल पुरानी सत्ता परिवर्तन की परंपरा को तोड़ने के लिए चुनावी मैदान में है।
कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती
कर्नाटक चुनाव कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे खुद कर्नाटक से हैं। कांग्रेस इस चुनाव में जीत के साथ साल के अंत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी पर मनोवैज्ञानिक जीत बनाना चाहती है। इसके अलावा यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी ऊर्जा भरेगी। कर्नाटक में अब तक के चुनाव प्रचार में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बीजेपी पर जमकर हमला बोलते दिखाई दिए हैं। कांग्रेस स्थानीय मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरी थी लेकिन बजरंगबली विवाद ने प्रचार का रुख किसी और दिशा में मोड़ दिया है।
BJP ने झोंकी पूरी ताकत
कर्नाटक चुनाव में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अप्रैल से अब तक 18 जनसभा और 6 रोड शो कर चुके हैं। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने भी राज्य का दौरा किया है। उनके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत तथा केंद्रीय मंत्रियों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, एस जयशंकर, स्मृति ईरानी, नितिन गडकरी सहित अन्य ने भी प्रचार करने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया है। बीजेपी के लिए चुनौती यह भी है कि वह 2008 और 2018 में दो बार सत्ता में तो आई लेकिन उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला। ऐसे में एक बार पार्टी स्पष्ट जनादेश के लिए चुनाव मैदान में है। दूसरी तरफ सत्ता को बचाना भी उसके सामने बड़ी चुनौती है।
सोनिया गांधी भी चुनाव प्रचार में उतरीं
कर्नाटक चुनाव में सोनिया गांधी ने भी मैदान संभाल लिया है। सोनिया ने हुबली में एक जनसभा में बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोग कड़ी मेहनत से अपना जीवन जी रहे हैं और इन्हें किसी के आर्शीवाद की जरूरत नहीं है। उन्होंने इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर भी जनता से पूछा कि क्या बीजेपी एक बार फिर सत्ता में नहीं आती तो राज् यको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आर्शीवाद नहीं मिलेगा?