Kairana up Chunav Result 2018, Kairana By Election Result 2018, Kairana Lok Sabha bypoll Election Result 2018: उत्तर प्रदेश के अति-महत्वपूर्ण कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव में विपक्ष की एकता भाजपा पर भारी पड़ी। गुरुवार (31 मई) को मतगणना में राष्ट्रीय लोक दल की उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने जीत दर्ज की। कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरएलडी की तबस्सुम हसन को 4,81,182 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी की मृगांका सिंह की झोली में महज 4,36,564 वोट आए। ऐसे में उन्होंने 44,618 वोटों से जीत हासिल की है। तबस्सुम इस जीत के साथ यूपी में साल 2014 के बाद पहली मुस्लिम सांसद बन गई हैं।
तबस्सुम को विपक्षी दलों (सपा, बसपा और कांग्रेस) का समर्थन प्राप्त है। भाजपा ने इस सीट से सांसद रहे हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को मैदान में उतारा था, मगर वह तबस्सुम को नहीं हरा सकीं। पार्टी के नेता जयंत चौधरी ने उन सभी पार्टियों का धन्यवाद किया जिन्होंने उपचुनाव में उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा, ”मैं अखिलेश जी, मायावती जी, राहुल जी, सोनिया जी, सीपीआईएम और आप का धन्यवाद करता हूं।”
कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीट के लिए मतगणना आज सुबह शुरू हुई थी। कैराना में सोमवार को हुए मतदान के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आयी थीं। कैराना सीट पर कल 73 मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान कराया गया था। भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण कैराना सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी बेटी मृगांका सिंह भाजपा प्रत्याशी हैं। इस सीट पर रालोद से तबस्सुम हसन मैदान में हैं जिन्हें सपा, बसपा और कांग्रेस का समर्थन भी प्राप्त है।
गौरतलब है कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कैराना सीट पर भाजपा के हुकुम सिंह जीते थे। हुकुम सिंह को इस चुनाव में कुल 565,909 मत मिले थे जबकि सपा की नाहिद हसन दूसरे नंबर पर रही थीं और उन्हें 32,9081 वोट मिले थे। बसपा के कुंवर हसन तीसरे स्थान पर आए थे और उन्हें 16,0444 वोट मिले थे।
Lok Sabha, Assembly By Election Result 2018 Winners List
Lok Sabha By Election Result 2018 LIVE UPDATES
Assembly By Election Result 2018 Live Updates
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि उनकी पार्टी भले ही पालघर लोकसभा सीट पर चुनाव हार गई हो, मगर वह हार नहीं स्वीकारेंगे। उल्टा उन्होंने ईवीएम में आई गड़बड़ियों को लेकर सवाल दागे।
चार लोकसभा और 10 विधानसभा पर आए उप चुनाव के नतीजों पर आरजेडी मुखिया लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने ट्वीट कर कहा, "बीजेपी लोकसभा उप चुनाव में चार में से एक सीट जीती, जबकि विधानसभा पर हुए उपचुनावों में उसके 10 में से एक हाथ महज एक सीट आई। खुली जीप में इसे लेकर रोड शो किया जाना चाहिए, जो कि नई रियायत वाली दरों पर खरीदे गए पेट्रोल से भरी हो।"
शिवसेना प्रमुख उद्भव ठाकरे ने कहा कि यूपी की जनता ने सीएम योगी आदित्यनाथ को सबक सिखाया है। गर्मी में ईवीएम खराब तो चुनाव कैसे होंगे।
कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरएलडी की तबस्सुम हसन को 4,81,182 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी की मृगांका सिंह की झोली में महज 4,36,564 वोट आए। ऐसे में उन्होंने 44,618 वोटों से जीत हासिल की है। तबस्सुम इस जीत के साथ यूपी में साल 2014 के बाद पहली मुस्लिम सांसद बन गई हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी उपचुनाव को लेकर अपनी राय टि्वटर पर जाहिर की। लिखा, "आज के नतीजे दिखाते हैं कि देश भर में मोदी सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। अभी तक लोग पूछते थे कि विकल्प क्या है? अब लोग कह रहे हैं कि मोदी जी विकल्प नहीं हैं, पहले इन्हें हटाओ।"
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों को लेकर गुरुवार को कहा, "बड़ा कदम उठाने से पहले आपको हमेशा दो कदम पीछे जाना पड़ता है। हम भविष्य में बड़ा कदम उठाएंगे।"
कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव को 2019 के आम चुनावों से पहले बेहद अहम माना जा रहा था। विपक्षी गठबंधन की जीत के साथ राजनैतिक विश्लेषक यह मान रहे हैं कि 2019 में नरेंद्र मोदी को टक्कर देने के लिए विपक्ष को एकजुट होना होगा।
कैराना में गठबंधन उम्मीदवार की जीत पर अखिलेश यादव ने वोटर्स को बधाई दी है। मीडिया से पूर्व यूपी सीएम ने कहा, ''मैं उन सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने हमारे लिए वोट किया। यह उनकी हार है जो लोकतंत्र में यकीन नहीं रखते। जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है।''
हार के बाद बीजेपी की मृगांका सिंह ने कहा, ''बहुत से वोटर्स ने भाजपा को वोट दिया मगर कुछ हजार वोटों की लीड से गठबंधन जीत गया। मैं विजेता को बधाई देना चाहूंगी। गठबंधन मजबूती से उभरा है और अब हमें भविष्य के लिए बेहतर तैयारी करनी होगी।''
उपचुनाव के नतीजों से कांग्रेस बेहद खुश है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रमोद तिवारी ने इसे 'बीजेपी के खात्मे की शुरुआत' बताया है। उन्होंने कहा, ''जनता ने बीजेपी को हराने का मन बना लिया है। जहां मौका मिल रहा है, वहां सबक सिखा रही है।'' कैराना में रालोद उम्मीदवार की जीत पर उन्होंने कहा, ''हमें खुशी है कि कांग्रेस के समर्थन वाले गठबंधन को जीत मिली।''
कैराना में रालोद उम्मीदवार के आगे निकलने पर पार्टी के नेता जयंत चौधरी ने उन सभी पार्टियों का धन्यवाद किया जिन्होंने उपचुनाव में उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा, ''मैं अखिलेश जी, मायावती जी, राहुल जी, सोनिया जी, सीपीआईएम और आप का धन्यवाद करता हूं।''
कैराना उपचुनाव में हार के संकेत देख यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा है कि ''यूपी में भारी बहुमत से लोकसभा चुनाव जीतेंगे।'' एबीपी न्यूज से बातचीत में शर्मा ने कहा, ''हम हारे क्योंकि विपक्षी दलों ने एक साथ आ गए। उपचुनाव के नतीजों का 2019 लोकसभा चुनावों पर असर नहीं होगा।''
कैराना में 21 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। फर्स्टपोस्ट के अनुसार, गंगोह और नकुर विधानसभा में रालोद को 1,75,416 मत मिले हैं, जबकि भाजपा को 1,38,032 वोट हासिल हुए हैं। यहां कुछ 24 राउंड की मतगणना होनी है।
कैराना में अब तक आए रुझानों में तबस्सुम हसन को 3,60,821 मत प्राप्त हुए हैं। दूसरी तरफ, भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह को 3,17,190 वोट मिले हैं। तबस्सुम हसन 43631 मतों से आगे चल रही हैं।
फर्स्टपोस्ट के अनुसार, 14 राउंड की मतगणना के बाद, रालोद की तबस्सुम हसन को 2,86,705 वोट प्राप्त हुए हैं। यहां अभी 10 राउंड की मतगणना और होनी है। तबस्सुम हसन ने सीएनएन-न्यूज18 से कहा कि ''हम बड़े अंतर से जीतेंगे।''
फर्स्टपोस्ट के अनुसार, कैराना की नकुर विधानसभा खंड में रालोद को 78,364 मत मिले हैं जबकि भाजपा की मृगांका सिंह 47,803 मतों के साथ दूसरे स्थान पर चल रही हैं।
एएनआई के अनुसार, 13 राउंड की काउंटिंग के बाद कैराना में रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी बीजेपी की मृगांका सिंह से 41,391 मतों से आगे चल रही हैं।
कैराना में 9 राउंड की मतगणना के बाद रालोद की तबस्सुम हसन 26,925 मतों से बीजेपी की मृगांका सिंह से आगे चल रही हैं। नूरपुर विधानसभा में समाजवादी पार्टी 4,541 मतों से आगे चल रही है।
कैराना लोकसभा सीट से रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने रुझानों के आधार पर अपनी जीत को 'सत्य की जीत' बताया है। उन्होंने एएनआई से कहा, ''यह सत्य की जीत है। मैंने जो कहा उसपपर अभी भी कायम हूं कि साजिश हुई है और हम नहीं चाहते हैं कि आने वाले चुनाव ईवीएम पर कराएं जाएं। एकजुट विपक्ष के लिए 2019 का रास्ता साफ है।''
कैराना और नूरपुर के रुझान यह दिखा रहे हैं कि जनादेश भाजपा के पक्ष में नहीं आ रहा। न्यूज18 के अनुसार, कैराना में रालोद उम्मीदवार की बढ़त 18,000 से ज्यादा मतों की हो गई है। यहां 12 राउंड की मतगणना हो चुकी है। रालोद को 58,908 वोट मिले हैं जबकि मृगांका सिंह 30,263 मतों के साथ पीछे चल रही हैं।
कैराना में 9 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। यहां रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन की बढ़त बरकरार है। उन्हें अब 66.47 प्रतिशत (46,909 वोट) मिले हैं। जबकि बीजेपी की मृगांका सिंह को 31.13 प्रतिशत (21,970 वोट) मिले हैं।
7 राउंड की मतगणना के बाद रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन 64.91 प्रतिशत वोट पाकर आगे चल रही हैं। वहीं बीजेपी उम्मीदवार मृगांका सिंह को 32.65 फीसदी वोट मिले हैं। 7वें राउंड के बाद तबस्सुम को 35,449 मत हासिल हुए हैं, जबकि मृगांका को 17,832 वोट मिले हैं।
कैराना लोकसभा सीट पर हर राउंड की मतगणना के बाद रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन की बढ़त ज्यादा होती जा रही है। यहां के पूर्व सांसद हुकुम सिंह की बेटी व बीजेपी की मृगांका सिंह दूसरे नंबर पर चल रही हैं।
कैराना में स्वर्गीय हुकुम सिंह की बेटी और भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह पिछड़ती नजर आ रही हैं। अभी तक आए रुझानों में तबस्सुम हसन की बढ़त हर राउंड के बाद बढ़ती जा रही है।
कैराना में मुकाबला विपक्ष की ओर झुकता दिख रहा है। यहां रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन बड़ी बढ़त बनाते हुए 32,508 वोटों से आगे निकल गई हैं। काफी देर तक आगे-पीछे रहने के बाद अब बीजेपी के लिए कैराना में चुनौती कड़ी हो गई है।
कैराना लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय लोक दल की उम्मीदवार तबस्सुम हसन की बढ़त अब 32,000 से ज्यादा मतों की हो गई है। शुरुआती रुझानों में आगे निकलने के बाद बीजेपी की मृगांका सिंह पिछड़ती जा रही हैं।
कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव पर देश के राजनीतिक दलों की निगाहें हैं। क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे इस उपचुनाव के नतीजे देश की सियासत को नया संदेश देने वाले हैं।
कैराना में 28 मई को मतदान हुआ था लेकिन मतदान के दौरान कई ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतें आने के बाद कैराना के 73 मतदान केंद्रों पर बुधवार को पुनर्मतदान कराया गया था। इसके बाद गुरुवार सुबह आठ बजे से मतगणना का काम चल रहा है। दोपहर बाद तक नतीजे आने की उम्मीद है। कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेता हुकुम सिंह के निधन के बाद उनकी बेटी मृगांका सिंह को उम्मीदवार बनाया था जबकि गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार तबस्सुम हसन मैदान में हैं।
कैराना लोकसभा सीट पर पहले राउंड की मतगणना के आधिकारिक आंकड़े आ गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, यहां पर बीजेपी उम्मीदवार मृगांका सिंह 46 मतों से आगे चल रही हैं। वहीं एबीपी न्यूज के अनुसार, रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन करीब 3000 मतों से आगे चल रही हैं।
कैराना में अब फिर रालोद उम्मीदवार तबस्सुम आगे हो गई हैं। यहां पर कांटे की लड़ाई देखने को मिल रही है। बीजेपी की मृगांका सिंह को कुछ देर के लिए बढ़त मिली थी मगर अब वह फिर पीछे हो गई हैं।
कैराना में अब भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह ने बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझानों में रालोद उम्मीदवार तबस्सुम ने लीड ले रखी थी, मगर ईवीएम से गिनती शुरू होने पर अब बीजेपी आगे हो गई है।
पोस्टल बैलट की गिनती चल रही है। एबीपी न्यूज के अनुसार, अभी तक रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन जिन्हें विपक्षी दलों का समर्थन हासिल है, उन्हें बढ़त मिली हुई है।
मतगणना शुरू होने के बाद पहला रुझान आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विपक्ष गठबंधन की तबस्सुम ने शुरुआती बढ़त बनाई है। कैराना लोकसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार मृगांका सिंह ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा है कि उनकी जीत तय है।
कैराना लोकसभा व नूरपुर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में ईवीएम में खराबी के कई मामले सामने आए, जिसकी शिकायत भाजपा और सपा समेत तमाम दलों ने अपने-अपने ढंग से राज्य निर्वाचन आयोग से कर ईवीएम बदलने की मांग की थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वरलु ने ईवीएम में खराबी का कारण भीषण गर्मी बताया था, जिसपर विवाद भी हुआ। उन्होंने कहा था, "तेज गर्मी के कारण ईवीएम मशीनें खराब हो रही हैं, लेकिन कहीं पर भी मशीन की गड़बड़ी के कारण चुनाव प्रभावित नहीं हुआ। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में अतिरिक्त मशीनें हैं, हमने मशीनें बदलवा दीं।"
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में उपचुनाव के दौरान इस्तेमाल की गईं ईवीएम मशीनों और वीवीपैट में बड़े पैमाने पर खराबी को लेकर मीडिया में आईं रपटों को निर्वाचन आयोग ने अतिरंजित करार दिया। ईसी ने कहा कि सभी आम चुनाव और उपचुनाव में लगभग 20-25 प्रतिशत अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपैट मीशीनें मुहैया कराई जाती हैं। अतिरिक्त मशीनें सेक्टर अधिकारियों के पास होती हैं, जिनके ऊपर 10-12 मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी होती है। ईसी ने कहा, "किसी भी मतदान केंद्र पर ईवीएम या वीवीपैट को बदलने में सामान्यतौर पर 30 मिनट से भी कम समय लगता है।" आयोग ने कहा, "मतदान के दौरान गड़बड़ी वाले ईवीएम या वीवीपैट को बदलना एक सामान्य प्रक्रिया है और किसी भी रूप में मतदान प्रक्रिया की ईमानदारी या विश्वसनीयता पर आंच नहीं आती।"
बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी। उपचुनाव में उनकी बेटी मृगांका सिंह पार्टी की तरफ से प्रत्याशी हैं। उनका सामना राष्ट्रीय लोकदल की तबस्सुम हसन से है, जिन्हें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बसपा, तीनों का ही समर्थन मिला है।