झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। राज्य में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर 2024 और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर 2024 को होगा। पहले चरण में 43 और दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद मतों की गिनती 23 नवंबर 2024 को होगी। झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 9 सीटें SC वर्ग के लिए जबकि 28 सीटें ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं। झारखंड में होने जा रहे इस विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और जेएमएम व कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के बीच होने की संभावना हैं।
चुनाव आयोग द्वारा की गई घोषणा के अनुसार, झारखंड विधानसभा की 81 सीटों पर दो चरणों – 13 नवंबर और 20 नवंबर 2024 को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 43 और दूसरे चरण के चुनाव में 38 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
झारखंड में सर्विस वोटर्स की संख्या 43,995 है जबकि सामान्य वोटरों की संख्या 2,60,43,703 है। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 2,60,87,698 है।
झारखंड विधानसभा चुनाव में 11,84,150 वोटर ऐसे हैं, जिन्हें पहली बार वोटिंग राइट हासिल हुआ है। ये सभी वोटर 18-19 साल के हैं। इसके अलावा बात PwD वोटर्स की करें तो राज्य में इनकी तादाद 3,67,825 है। 448 थर्ड जेंडर वोटर हैं।
झारखंड में इस बार 85+ उम्र वाले वोटर्स की संख्या 1,13,970 है।
झारखंड में साल 2019 में 29,464 स्टेशन बनाए गए थे। इस बार के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने झारखंड में 29,562 पोलिंग स्टेशन बनाने का फैसला किया।
झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए गजट नोटिफिकेशन 18 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। पहले चरण के लिए नामांकन भरने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को स्क्रूटनी की जाएगी। 30 अक्टूबर तक वैध पाए गए उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण के चुनाव के लिए 22 अक्टूबर को गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर 2024 होगी। इसके बाद 30 अक्टूबर को स्क्रूटनी की जाएगी और 1 नवंबर तक उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकेंगे।