पांच राज्यों के होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता वहां के मुख्यमंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेगी और उसी आधार पर यह तय करेगी कि कौन कौन मौजूदा मुख्यमंत्री दोबारा से कुर्सी पर काबिज होंगे। समाचार चैनल इंडिया टुडे ने एक सर्वे जारी किया है जिसमें उन्होंने बताया कि चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री के कामकाज से वहां की जनता कितनी संतुष्ट है और कितनी असंतुष्ट है।
समाचार चैनल इंडिया टुडे के मूड ऑफ़ नेशन के सर्वे के अनुसार सबसे बड़े चुनावी राज्य उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से करीब 49% जनता संतुष्ट है जबकि करीब 17% लोगों ने कहा है कि वे योगी आदित्यनाथ के कामकाज से थोड़े संतुष्ट हैं। वहीं 34% लोगों ने कहा है कि उनको योगी आदित्यनाथ का कामकाज पसंद नहीं आया। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा ने गोरखपुर के तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया था।
वहीं पंजाब की बात करें तो करीब 33% लोग सीएम चन्नी के कामकाज से खुश हैं। वहीं 30% लोगों ने कहा है कि वे थोड़े संतुष्ट हैं जबकि 37% लोगों ने बताया कि वे मुख्यमंत्री के कामकाज से असंतुष्ट हैं। सीएम चन्नी के कामकाज का यह आकलन सिर्फ 100 से कुछ अधिक दिनों का है। क्योंकि पिछले साल के सितंबर महीने में कैप्टन अमरिंदर सिंह के हटाए जाने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य की कमान सौंपी गई थी।
इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामकाज से भी करीब 41% लोग संतुष्ट हैं और 26% थोड़े संतुष्ट हैं। जबकि 34% लोग असंतुष्ट हैं। पुष्कर सिंह धामी को भी पिछले साल ही राज्य की कमान सौंपी गई। धामी ने तीरथ सिंह रावत की जगह ली। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के कामकाज से भी करीब 27% लोग संतुष्ट हैं जबकि 39% थोड़े बहुत संतुष्ट हैं। वहीं 34% लोगों ने कहा कि वे प्रमोद सावंत के कामकाज से असंतुष्ट हैं।
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की बात की जाए तो इंडिया टुडे के सर्वे के अनुसार वहां के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह के कामकाज से करीब 39% लोग संतुष्ट हैं। जबकि 28 लोगों ने बताया कि वे थोड़े संतुष्ट हैं वहीं 33% लोगों ने कहा कि वे उनके कामकाज के तरीकों से असंतुष्ट हैं।