Exit Poll 2022: उत्तर प्रदेश में सोमवार को आखिरी चरण के मतदान की समाप्ति के बाद टीवी चैनल्स पर एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। एग्जिट पोल की मानें तो उत्तर प्रदेश में एनडीए की जोरदार वापसी होती दिखाई दे रही है। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पहले चरण में भाजपा को 49 फीसदी वोट मिलता दिखाई दे रहा है। वहीं, सपा गठबंधन को 34 फीसदी ही वोट मिलने का अनुमान है। एग्जिट पोल के मुताबिक, पंजाब में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत दर्ज कर सकती है। आइए जानते हैं, अन्य राज्यों में क्या कहते हैं एग्जिट पोल के नतीजे।

उत्तर प्रदेश

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा+ एक बार फिर प्रचंड जीत हासिल कर सकती है। भाजपा+ को 288 से 326 सीटें मिल सकती हैं। सपा गठबंधन को 71 से 101 सीटें मिल सकती हैं। बसपा को 3 से 9 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, अन्य को 2 से 3 सीटें मिल सकती हैं।

पंजाब

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, पंजाब में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिल सकती है। पार्टी को 41 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 76-90 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 28 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। भाजपा को 7 फीसदी वोट मिल सकते हैं। अकाली दल को 19 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। सीटों की बात करें तो कांग्रेस को 19-31 सीटें मिल सकती हैं।भाजपा+ को 1-4 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा अकाली दल को 7-11 और अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।

उत्तराखंड

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तरखंड में भाजपा को 36-46 सीटें मिल सकती हैं। इस तरह राज्य में भाजपा की सरकार बन सकती है। जबकि कांग्रेस को 20-30 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा को 2-4 और अन्य को 2-5 सीटें मिल सकती हैं।

मणिपुर

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, मणिपुर में भाजपा की सरकार बनती दिखाई दे रही है। 60 सीटों में से पार्टी को 33 से 43 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस को 4 से 8, एनपीपी को भी 4 से 8 और अन्य को 6 से 15 सीटें मिल सकती हैं।

गोवा

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार गोवा में भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। भाजपा को 14 से 18 तो वहीं, कांग्रेस को 15 से 20 सीटें मिल सकती हैं। महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी को 2 से 5 और अन्य को 0 से 4 सीटें मिल सकती हैं।