बीजेपी ने शनिवार रात लोकसभा चुनाव के लिए पांचवीं लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में अभिनेत्री कंगना रनौत का भी नाम है। बीजेपी ने कंगना रनौत को हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने यहां राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह पर दांव लगाया है। मंडी लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह हैं।
कांग्रेस का गढ़ है मंडी लोकसभा सीट
प्रतिभा सिंह हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। मंडी लोकसभा सीट पर अभी तक कुल 20 बार लोकसभा के लिए चुनाव हुए हैं और इसमें से 14 बार कांग्रेस ने जीत हासिल की है। जबकि पांच बार बीजेपी जीती है और एक बार जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है।
मंडी लोकसभा सीट को कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है, क्योंकि यहां से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह या उनकी पत्नी चुनाव लड़ती रही हैं और जीतती रही हैं। 2014 में मोदी लहर में यहां पर भाजपा ने कांग्रेस के किले में सेंध लगाई और बीजेपी के रामस्वरूप शर्मा ने जीत दर्ज की।
2019 का लोकसभा चुनाव हुआ। भाजपा ने फिर से उन पर भरोसा जताया। रामस्वरूप शर्मा ने यहां से फिर से जीत दर्ज की। लेकिन 2021 में रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया और उसके बाद उपचुनाव में कांग्रेस ने यहां से प्रतिभा सिंह को उतारा। बीजेपी ने ब्रिगेडियर कुशल ठाकुर उतारा। हालांकि उपचुनाव में बीजेपी की करीबी मुकाबले में हार हो गई।
2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ा था और उन्हें करीब 40,000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं उसके पहले 2013 में जब वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, उस दौरान यहां पर उपचुनाव हुआ था और कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह को उतारा था। तब प्रतिभा सिंह ने बीजेपी के जयराम ठाकुर को हराया था। बाद में जयराम ठाकुर बीजेपी की सरकार बनने पर अगले मुख्यमंत्री बनते हैं।
बीजेपी के टिकट पर अभिनेत्री कंगना रनौत मैदान में
अब बीजेपी ने यहां से अभिनेत्री कंगना रनौत को उतारा है। अगर कांग्रेस यहां से प्रतिभा सिंह को फिर से उतारती है तो कंगना रनौत को यहां पर कांटे की टक्कर का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि कंगना की उम्मीदवारी के बाद यहां पर विवाद भी शुरू हो गया है। कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के इंस्टाग्राम हैंडल से एक विवादित पोस्ट शेयर किया गया, जिसके बाद कंगना ने पलटवार किया है। सुप्रिया श्रीनेत ने माफी मांग ली है लेकिन ये मामला बढ़ता जा रहा है।