एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक के 25वें मुख्यमंत्री बन गए। बुधवार (23 मई) को उन्होंने सीएम पद की शपथ ली। वह इससे पहले 2006 में राज्य की बागडोर संभाल चुके हैं। तब वो 20 महीने तक सीएम रहे थे। बाद में उनकी सरकार गिर गई थी और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा था। कुमारस्वामी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के तीसरे बेटे हैं। पेशे से कुमारस्वामी फिल्म प्रोड्यूसर रहे हैं, लेकिन अब वो पूर्णकालिक राजनेता हैं। उन्होंने सबसे पहले 1996 में राजनीति में प्रवेश किया, जब वो रामगर जिले के कर्मपुरा संसदीय सीट से लोकसभा सांसद चुने गए। 1998 में उन्होंने दोबारा इसी सीट से चुनाव लड़ा लेकिन बहुत कम वोटों के मार्जिन से चुनाव हार गए। इसके बाद कुमारस्वामी ने राज्य विधान सभा का रुख किया लेकिन 1999 के विधान सभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा।
साल 2004 के कर्नाटक विधान सभा चुनाव ने कुमारस्वामी की किस्मत खोल दी थी। वो पहली बार विधान सभा के लिए चुने गए और दो साल बाद ही गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री बने। अपने प्रशंसकों के बीच ‘कुमारन्ना’ के नाम से लोकप्रिय कुमारस्वामी के पहले शासनकाल में राज्य की जीडीपी सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई थी। उन्हें आम आदमी का सीएम कहा जाता था। वो अक्सर प्रोटोकॉल और सिक्योरिटी घेरा तोड़कर लोगों से मिला करते हैं।
कुमारस्वामी दूसरी शादी को लेकर भी चर्चा में रहे। उनके खिलाफ इस बाबत कोर्ट में भी शिकायत की गई लेकिन साक्ष्यों के अभाव में वो बरी हो गए। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री राधिका से शादी कर ली है और उनसे एक बच्ची भी है। हालांकि, सार्वजनिक स्थलों पर कुमारस्वामी अपनी पहली पत्नी अनीता कुमारस्वामी के साथ ही नजर आते हैं।
कुमारस्वामी पहले राजनीति में नहीं आना चाहते थे। पिता देवगौड़ा के कहने के बावजूद उन्होंने मना कर दिया था और अपने मनपसंदीदा काम फिल्म प्रोड्यूसिंग और डिस्ट्रीब्यूशन में बिजी रहते थे। उन्हें फिल्म प्रोडक्शन और पोस्ट प्रोडक्शन में महारथ हासिल है। उन्होंने कन्नड़ में ‘चंद्र चकोरी’ नाम से एक फिल्म बनाई थी जो काफी सुपरहिट हुई थी। ये फिल्म 365 दिन तक सिनेमाघरों में चलती रही थी।
58 साल के कुमारस्वामी कॉलेज के दिनों में कन्नड़ फिल्म अभिनेता राजकुमार के बहुत बड़े फैन थे। इनकी दीवानगी का आलम यह था कि फिल्मों में राजकुमार जो कपड़े पहनकर पर्दे पर दिखते थे, ठीक उसी तरह के कपड़े खासकर पैंट कुमारस्वामी तुरंत सिलवा लेते थे। इस बार उन्होंने दो सीटों से चुनाव जीता है। अपनी पारंपरिक रामनगर और चेन्नपटना सीट से भी कुमारस्वामी जीतने में कामयाब रहे हैं। उनकी पत्नी अनीता कुमारस्वामी 2013 में चेन्नपटना से चुनाव हार गई थीं।
चुनावी हलफनामे के मुताबिक कुमारस्वामी के पास 43 करोड़ 91 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति है, जबकि पत्नी अनीता कुमारस्वामी के पास 124 करोड़ रुपए की संपत्ति है। कुमारस्वामी ने सीएम बनने के लिए 2006 में बीजेपी से हाथ मिलाया था, जबकि इस बार उन्होंने कांग्रेस से हाथ मिलाया है।
कुमारस्वामी बनेंगे सीएम, यह खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर छा गईं राधिका