Haryana, Maharashtra Vidhan Sabha Election Result 2019: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही देश के 18 राज्यों की जिन 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे, उनपर भी मतों की गिनती कराई जाएगी। चुनाव आयोग ने राज्यों में इसके लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में से हरेक में एक मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है और गुड़गांव के बादशाहपुर खंड में एक अतिरिक्त केंद्र बनाया गया है, जिनमें बड़ी संख्या में मतदान केंद्र थे।
हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी इंदर जीत ने बताया, सोमवार को हुए मतदान के लिए इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोंिटग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों को 59 विभिन्न स्थानों पर बनाए गए 90 ‘स्ट्रांगरूम’ में रखा गया है। स्ट्रांगरूम की सुरक्षा में राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस बार 105 महिलाओं समेत 1,169 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला और इनेलो के नेता अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। हरियाणा के मंत्रियों राम बिलास शर्मा, अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु, ओपी धनखड़ और कविता जैन, खिलाड़ी बबीता फोगाट, योगेश्वर दत्त और संदीप सिंह भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस की ओर से रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी, रणबीर महेंद्र और कुलदीप बिश्नोई समेत कई ने चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी और स्वराज इंडिया ने भी चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे। हालांकि इनमें से किसी ने सभी 90 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ा।
महाराष्ट्र में मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा के साथ ही देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए थे। इनके लिए भी वोटों की गिनती गुरुवार को होगी। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर उपचुनाव हुआ था। वहीं इसके बाद गुजरात में छह, बिहार में पांच, असम में चार, हिमाचल प्रदेश में दो और तमिलनाडु में दो सीटों पर उपचुनाव हुए थे। जिन दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था, उनमें से एक महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट है। ये सीटें क्रमश: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और लोकजनशक्ति पार्टी के पास थी।