गोवा की 40 विधान सभा सीटों के लिए चार फरवरी को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 11 मार्च को आएंगे। गोवा में परंपरागत तौर पर कांग्रेस का प्रभुत्व रहा है लेकिन पिछले डेढ़ दशक में राज्य में भारतीय जनता पार्टी उसे बराबर की टक्कर देती रही है। राज्य में अभी भाजपा की ही सरकार है। हालांकि इस चुनाव में आम आदमी पार्टी भी राज्य में जोर आजमा रही है। शनिवार (चार फरवरी) को राज्य में मतदान होंगे आइए इससे पहले सैलानियों के पसंदीदा गोवा में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की पृष्ठभूमि का जायजा लेते हैं।
आपराधिक मामले- चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने राज्य में चुनाव लड़ रहे 251 प्रत्याशियों के चुनाव आयोग में दिए हलफनामे का विश्लेषण किया है। इन 251 प्रत्याशियों में से 38 पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। 19 प्रत्याशियों (करीब आठ प्रतिशत) पर गंभीर आपराधिक मामले (हमला, हत्या, अपहरण और बलात्कार इत्यादि) चल रहे हैं।आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार उतारने में सबसे आगे शरद पवार की एनसीपी है जिसके 29 प्रतिशत प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं।
एनसीपी ने राज्य में 17 प्रत्याशी उतारे हैं जिनमें से 5 पर आपराधिक मामले हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर कांग्रेस है। कांग्रेस 37 उम्मीदवारों में से नौ पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं भाजपा के 17 प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और आम आदमी पार्टी के आठ प्रतिशत उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं।
संपत्ति- गोवा में चुनाव लड़ रहे 156 प्रत्याशी (62 प्रतिशत) करोड़पति हैं। 30 प्रत्याशियों (करीब 12 प्रतिशत) की संपत्ति 10 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा है। 37 प्रत्याशियों (करीब 15 प्रतिशत) की संपत्ति पांच करोड़ से 10 करोड़ के बीच है। प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 89 प्रत्याशी एक करोड़ से पांच करोड़ रुपये की संपत्ति वाले वर्ग में आते हैं। अमीरी में भाजपा सबसे आगे है जिसके 97 प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं। वहीं कांग्रेस के 92 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 4.75 करोड़ रुपये है।
चुनाव में सबसे अमीर प्रत्याशी आम आदमी पार्टी ने उतारा है। रंजीत कोट्टा कारवालो को आप ने फतोरदा सीट से उतारा है। रंजीत ने चुनाव आयोग को 20 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 65 करोड़ रुपये अचल संपत्ति बतायी है। अमीरी के मामले में दूसरे नंबर पर भाजपा के माइकल विंसेट लोबो और तीसरे नंबर पर कांग्रेस के आर राणे हैं। सेंट क्रूज विधान सभा से निर्दलीय उम्मीदवार जोसे लोपेस के पास कोई संपत्ति नहीं है।
शिक्षा- प्रत्याशियों के हलफनामे के अनुसार 50 प्रतिशत से ज्यादा प्रत्याशी 5वीं से 12वीं कक्षा पास हैं। 102 प्रत्याशियों (करीब 41 प्रतिशत) ने खुद को “स्नातक या अधिक” शिक्षित बताया है।
आयु- एडीआर के विश्लेषण के अनुसार गोवा में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में एक-तिहाई की उम्र 51 साल से 80 साल के बीच है।
महिलाएं- जिन 251 प्रत्याशियों के हलफनामे का एडीआर ने विश्लेषण किया उनमें केवल 18 (सात प्रतिशत) ही महिलाएं हैं।