2019 लोकसभा चुनाव जारी है और 6 मई को पांचवें चरण के तहत वोटिंग होगी। चुनाव के मद्देनजर नेताओं का प्रचार जारी है और साथ ही विवादों का दौर भी। एक तरफ जहां नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं तो कई ऐसी घटनाएं भी हो रही हैं, जिनमें नेता जनता के गुस्से का शिकार बन रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया शनिवार (4 मई) को जब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारा गया। बता दें कि आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को एक शख्स ने रोड शो के दौरान थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। दरअसल शनिवार को केजरीवाल दिल्ली के मोती नगर में प्रचार कर रहे थे। उस दौरान एक शख्स ने केजरीवाल की गाड़ी पर चढ़कर उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। केजरीवाल के समर्थकों ने उस शख्स को घेर लिया और जमकर पीटा। थप्पड़ जड़ने वाले शख्स का नाम सुरेश बताया जा रहा है। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है, जब अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ हो। पिछले 8 साल में अरविंद केजरीवाल पर 12 बार हमला हो चुका है, जिसमें कभी थप्पड़, कभी स्याही तो कभी लाल मिर्च का इस्तेमाल किया गया।
अक्टूबर 2011: 18 अक्टूबर 2011 में लखनऊ में एक शख्स ने अरविंद केजरीवाल पर चप्पल से हमला किया था। उस शख्स ने केजरीवाल पर चप्पल फेंक दी थी। चप्पल फेंकने वाले शख्स का नाम जितेंद्र बताया गया था, जो जालौन का रहने वाला था।
एक क्लिक में जानें किसी भी लोकसभा सीट की पूरी जानकारी
नवंबर 2013: अरविंद केजरीवाल पर दूसरा हमला नवंबर 2013 में हुआ। उस वक्त केजरीवाल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में थे, जिस वक्त उन पर हमला हुआ। हमला उन पर स्याही फेंककर किया गया।
मार्च 2014: आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीसरा हमला मार्च 2014 में हुआ। इस बार फिर से केजरीवाल पर स्याही फेंकी गई। उस वक्त केजरीवाल वाराणसी में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार कर रहे थे।
मार्च 2014: बता दें कि मार्च 2014 में अहमदाबाद में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए थे। इसके लिए भी उन्होंने बीजेपी पर हमला कराने का आरोप लगाया था।
अप्रैल 2014: मार्च 2014 के करीब एक महीने के अंदर ही यानी अप्रैल 2014 में अरविंद केजरीवाल को एक ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ जड़ दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी शेयर हुआ था। इस शख्स ने पहले अरविंद केजरीवाल को माला पहनाई थी और उसके तुरंत बाद थप्पड़ जड़ दिया था।
दिसंबर 2014: 26 दिसंबर 2014 को दिल्ली में एक रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल पर अंडे भी फेंके गए थे।
जनवरी 2016: साल 2016 शुरू होते ही यानी जनवरी में एक बार फिर हमले का शिकार बने अरविंद केजरीवाल। जनवरी 2016 में एक महिला ने दिल्ली में केजरीवाल पर स्याही फेंकी।
अप्रैल 2016: 9 अप्रैल 2016 को दिल्ली के सचिवालय में एक शख्स ने केजरीवाल पर जूता फेंककर हमला किया था।
अक्टूबर 2016: अरविंद केजरीवाल पर इस बार हमला राजस्थान में हुआ। राजस्थान में एक स्टूडेंट ने उन पर स्याही फेंक दी।
नवंबर 2018: अरविंद केजरीवाल पर अगला हमला नवंबर 2018 में हुआ। इस बार दिल्ली सचिवालय में उन पर मिर्च पाउडर फेंका गया।
2018: साल 2018 में ही अरविंद केजरीवाल की कार पर हमला हुआ था। उस वक्त वह पंजाब में मौजूद थे।
मई 2019: 4 मई 2019 को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को एक शख्स ने रैली के दौरान जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। बताया जा रहा था कि शख्स केजरीवाल से किसी बात पर नाराज था।
Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019

