लोकसभा चुनाव के परिणामों से पहले एग्जिट पोल के नतीजों में तीन कांग्रेस शासित राज्यों में भाजपा की जबरदस्त वापसी का पूर्वानुमान व्यक्त किया जा रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार छत्तीसगढ, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भाजपा ने अपने विधानसभा प्रदर्शन को भुलाते हुए बड़ी जीत हासिल करने जा रही है।
कांग्रेस महज 6 महीने पहले ही इन राज्यों की सत्ता में लौटी है। कांग्रेस ने भाजपा के मजबूत गढ़ माने जा रहे मध्यप्रदेश में 15 साल बाद सत्ता में वापसी करने में सफलता पाई थी। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को मध्यप्रदेश की 29 में से 26 सीटों पर जीतने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है।
वहीं कांग्रेस के खाते में महज 3 सीटें जीतने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। राजस्थान में अशोक गहलोत के अगुवाई में सरकार बनाने वाली कांग्रेस के लिए स्थिति कुछ ठीक नहीं बताई जा रही है। यहां लोगों के बीच ‘वसुंधरा तेरी खैर नहीं, मोदी तुझसे बैर नहीं’ का नारा सही साबित होता दिख रहा है।
एग्जिट पोल सर्वे यहां भाजपा को 25 में 23 सीटें दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस के खाते में महज दो सीट आती बताई जा रही है। छत्तीसगढ़ में जहां दमदार माने जा रहे रमन सिंह को सत्ता से हाथ धोना पड़ा था, यहां भी भाजपा जबरदस्त वापसी करती नजर आ रही हैं। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को यहां 11 में 8 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है।
हमने सारे #ExitPolls 2004 में भी देखे थे,2018 के पाँच राज्यों के चुनाव के समय भी देखे थे,सब कांग्रेस की हार दिखा रहे थे,पर परिणाम सभी ने देखे..
23 मई का इंतजार करिये,सारी हक़ीकत सामने आ जाएगी।
कांग्रेस की सीटें निश्चित ही बढ़ेगी,भाजपा के नारों-जुमलों की हक़ीकत भी सामने आयेगी।— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) May 19, 2019
नतीजों के इंतजार में कांग्रेसः दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता अभी नतीजों का इंतजार करने के मूड में हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पिछले एग्जिट पोल का हवाला देते हुए नतीजों का इंतजार करने को कहा है। कमल नाथ ने लिखा, ’23 मई का इंतजार करिये,सारी हक़ीकत सामने आ जाएगी। कांग्रेस की सीटें निश्चित ही बढ़ेगी,भाजपा के नारों-जुमलों की हक़ीकत भी सामने आयेगी।’