उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी और सत्ताधारी दल भाजपा के बीच माना जा रहा था। जैसे ही मतगणना शुरू हुई तो ये अनुमान काफी हद तक सही होने लगे जब भाजपा और सपा के अलावा अन्य दल दहाई की संख्या छूते नजर नहीं आ रहे थे। भाजपा ने अकेले 255 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सपा ने 111 सीटों पर कब्जा किया। दोनों दलों के बीच कई सीटों पर बेहद नजदीकी मुकाबला देखने को मिला। सूबे की 15 विधानसभा सीटों पर जीत और हार के बीच 1000 से भी कम रहा।
बेहद नजदीकी मुकाबले में एनडीए ने 8 सीटों पर 1000 वोटों से भी कम अंतर से जीत दर्ज दी, जबकि सपा गठबंधन ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की। विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन ने 273 सीटों पर कब्जा किया जबकि सपा गठबंधन ने 125 सीटों पर जीत हासिल की।
कांटे की टक्कर में 8 सीटों पर भाजपा को मिली जीत
नकुर विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी को भाजपा के मुकेश चौधरी ने 315 वोटों से हराया। सैनी चुनाव से पहले, भाजपा का दामन छोड़कर सपा में शामिल हो गए थे।
बड़ौत में भाजपा के कृष्ण पाल मलिक ने आरएलडी के जयवीर को 315 वोटों के अंतर से हराया।
धामपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के अशोक कुमार ने 203 वोटों के अंतर से सपा के नईम उल हसन को हराया।
कुर्सी विधानसभा सीट पर भाजपा के सकेंद्र प्रताप ने सपा के राकेश कुमार वर्मा को 217 वोटों से हराया।
नहटौर सीट भाजपा के ओमकुमार ने रालोद के मुंशीराम को 258 वोटों से हराया। यहां भी मुकाबला बहुत दिलचस्प हो गया था।
कटरा सीट पर भाजपा के वीर विक्रम सिंह ने सपा के राजेश यादव को 357 वोटों के अंतर से मात दी।
मुरादाबाद नगर से भाजपा के रितेश गुप्ता ने सपा के यूसुफ अंसारी को 782 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
बिलासपुर सीट पर भाजपा के बलदेव सिंह औलाख ने सपा के अमरजीत सिंह को 307 वोटों के अंतर से हराया।
शाहगंज से निषाद पार्टी के रमेश ने सपा के शैलेंद्र यादव ललई को 719 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
करीबी मुकाबले के बाद 6 सीटों पर सपा को मिली जीत
दिबियापुर सीट पर सपा उम्मीदवार प्रदीप कुमार यादव ने भाजपा के लखन सिंह राजपूत को 473 वोटों के अंतर से हराया।
इसौली में सपा के ताहिर खान ने भाजपा के ओपी पांडे को 269 वोटों के अंतर से मात दी।
चांदपुर सीट पर सपा के स्वामी ओमवेश ने भाजपा के कमलेश सैनी को 234 वोटों के अंतर से हराया।
जसराना से सपा उम्मीदवार सचिन यादव ने भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह को 836 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
डुमरियागंज से सपा की सैयदा खातून ने भाजपा के राघवेंद्र प्रताप सिंह को 771 वोटों के अंतर से मात दी।
रामनगर विधानसभा सीट पर सपा के फरीद किदवई ने बीजेपी उम्मीदवार शदकुमार अवस्थी को 261 वोटों के अंतर से हराया।