Election Results 2019: लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के टिकट पर गोरखपुर से चुनाव लड़ रहे बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन ने गोरखपुर से शानदार जीत दर्ज की। रवि किशन ने सपा के रामभुआल निषाद को तीन लाख से भी अधिक वोटों से पराजित किया। रवि किशन को 717122 और रामभुआल निषाद को 415458 मत मिले। कांग्रेस के मधुसूदन त्रिपाठी को 22755 मत मिले। जीत के बाद रवि किशन ने बिहार के बेगुसराय से सीपीआई नेता कन्हैया कुमार पर निशाना साधा है। कन्हैया कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश के टुकड़े-टुकड़े करने की बात करने वाले लोग कभी चुनाव नहीं जीत सकते हैं।
रवि किशन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ”जब आप देश के टुकड़े-टुकड़े करने की बात करके लोगों का भरोसा नहीं जीत सकते हैं। देशद्रोही होकर और देश के खिलाफ बोलकर और सरकार को गाली देकर आप कभी नहीं जीत पाएंगे।
साल 2016 में कन्हैया कुमार जवाहरलाल नेहरू विश्विद्यालय में देश विरोधी नारे लगने के विवाद को लेकर सुर्खियों में आए थे। वहीं साल 2014 में रवि किशन ने यूपी के जौनपुर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे इसके बाद उन्होंने दो साल पहले बीजेपी का दामन थामा और इस बात उन्हें जीत हासिल हुई।
बता दें कि 1998 के बाद से लगातार यह सीट बीजेपी के योगी आदित्यनाथ के हाथ रही है। लेकिन सीएम बनने के बाद योगी ने यह सीट छोड़ दी थी। पिछले साल हुए उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रवीण कुमार निषाद ने यह सीट बीजेपी से छीन अपनी झोली में डाल ली थी।
वहीं हार के बाद कन्हैया कुमार ने ट्वीट कर लिखा है-दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के जनादेश पर सभी देशवासियों को बधाई। चुने गए सभी सांसदों को शुभकामनाएँ और चुनाव के दौरान सहयोग व समर्थन करने वाले तमाम लोगों का धन्यवाद। जनता के अधिकारों के लिए हमारा संघर्ष जोश और लगन के साथ जारी रहेगा।