लोकसभा चुनाव 2019 के नतीजों को लेकर न्यूज चैनल टाइम्स नाउ ने वीएमआर के साथ मिलकर एक सर्वे कराया है। इसमें दक्षिण भारत की 131 सीटों में से बीजेपी के खाते में केवल 17 सीटें दी गई हैं। कांग्रेस इससे चार गुना ज्यादा (71) सीटों पर जीतती दिखाई गई है। यह सर्वे जनवरी महीने में कराया गया है। सर्वे के नतीजों में अलग-अलग राज्यों की तस्वीर कुछ इस तरह दिखाई गई है।
तमिलनाडु में लोकसभा की कुल 39 सीटें हैं। यदि आज के दिन चुनाव होते हैं तो कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए को काफी ज्यादा फायदा होगा। यूपीए 39 में से 35 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, एआईएडीएमके चार सीटों पर जीत दर्ज करेगी। भाजपा की नेतृत्व वाली एनडीए का खाता नहीं खुलेगा। यदि बात 2014 लोकसभा चुनाव की करें तो उस समय एआईडीएमके ने 37 सीटें जीती थी। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का खाता तक नहीं खुला था। भाजपा गठबंधन तथा अन्य के खाते में 1-1 सीट गई थी।
केरल में लोकसभा की 20 सीटें है। यदि आज यहां चुनाव होते हैं तो भाजपा का खाता खुल सकता है। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) 16 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट 3 सीटें जीतेगी। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में यूडीएफ ने 12 सीटें जीती थी। एलडीएफ ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं। आज यहां चुनाव होने पर वाईएसआरसीपी 23 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। तेलुगू देशम पार्टी सिर्फ 2 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। भाजपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलेगा। वर्ष 2014 के चुनाव में टीडीपी ने 15 सीटें जीती थी। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने 8 सीटें जीती थी। भाजपा 25 में से मात्र 2 सीटें ही अपने खाते में ला सकी थी।
तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटें हैं। आज चुनाव होने पर टीआरएस 10 सीटें, कांग्रेस 5, भाजपा 1 और अन्य 1 सीट पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, पिछले चुनाव में टीआरएस ने 12 सीटें और कांग्रेस ने 2 सीटें जीती थी। भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन ने मात्र 1 सीट पर जीत दर्ज की थी।
पुडुचेरी में लोकसभा की मात्र एक सीट है। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने यह सीट जीती थी, लेकिन यदि आज चुनाव होते हैं तो यूपीए इस सीट पर जीत दर्ज करेगी। जबकि अंडमान निकोबार की एक मात्र सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहेगा।
