रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर गोवा विधानसभा चुनावों के चलते पिछले कुछ दिनों से वहीं पर हैं। शनिवार (चार फरवरी) को वोटिंग शुरू होते ही वे मतदान केंद्र पहुंच गए और लाइन में लग गए। उन्‍होंने सुबह 7.10 बजे वोट डाला। इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्‍होंने कहा, ”दिल्‍ली में मेरा चार किलो वजन कम हो गया। ऐसा खाने के चलते हुआ। मुझे गोवा का खाना पसंद है। आप इसे जैसे चाहे परिभाषित कर सकते हैं।” वोट डालने के बाद पर्रिकर पणजी में एक रेस्‍टोरेंट में नाश्‍ता करने गए। वे ‘कैफे भोंसले’ में लोगों के बीच जाकर बैठ गए और नाश्‍ता किया। बताया जाता है कि रक्षा मंत्री का यह पसंदीदा रेस्‍टोरेंट है।

गोवा में ऐसी अटकलें हैं कि पर्रिकर फिर से राज्‍य की राजनीति में लौट सकते हैं। भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी प्रचार के दौरान इशारा किया कि पर्रिकर यहां वापस लौट सकते हैं इससे इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पर्रिकर खुद इससे इनकार करते रहे हैं। उन्‍होंने इस तरह की बातों को केवल अनुमान बताया। गौरतलब है कि पर्रिकर को दिल्ली बुलाए जाने के बाद लक्ष्‍मीकांत पारसेकर को गोवा का मुख्‍यमंत्री बनाया गया था। भाजपा के दोबारा सत्‍ता में आने का दारोमदार मनोहर पर्रिकर पर ही है। उनकी ईमानदार और सादगीपूर्ण छवि के नाम पर भाजपा वोट मांग रही है।

मनोहर पर्रिकर दो बार गोवा के मुख्‍यमंत्री रहे हैं। उन्‍हें यहां सुपर चीफ मिनिस्‍टर के रूप में जाना जाता है। 2012 में उन्‍होंने छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन कर भाजपा की सरकार बनाई थी। इस बार उनकी सहयोगी पार्टी रही एमजीपी अलग लड़ रही है। इसके अलावा गोवा आरएसएस के पूर्व प्रमुख सुभाष वेलिंगकर ने भी पार्टी बना ली है और वे भी भाजपा के खिलाफ हैं। गोवा में इस बार आप भी मैदान में हैं, इसके चलते यहां पर चतुष्‍कोणीय मुकाबला है। इस बारे में पूछे जाने पर पर्रिकर ने कहा, ”चतुष्‍कोणीय मुकाबला है लेकिन तीन कोण काफी कमजोर है।” उन्‍होंने कहा कि भाजपा को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा। पिछले चुनावों में भाजपा ने 40 में से 21 सीटें जीती थीं। इस बार वह 36 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

मनोहर पर्रिकर दो बार गोवा के मुख्‍यमंत्री रहे हैं।