Lok Sabha Election 2019: उत्तर प्रदेश में नेताओं को लड्डुओं से तौलना एक स्टेटस सिंबल का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, यह प्रथा देश के अन्य हिस्सों में भी काफी प्रचलित है। बुधवार रात कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपने भाई और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से अपनी मां सोनिया गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में कार्यकर्ताओं ने उनके भव्य स्वागत की तैयारी भी कर रखी थी। लोगों से मुलाकात के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को लड्डुओं से तौलने की गुजारिश की। हालांकि, प्रियंका गांधी ने काफी सौम्यता के साथ खुद को लड्डुओं से तौलन के लिए मना कर दिया।
प्रियंका की यात्रा के मद्देनज़र अमेठी और रायबरेली के बीच कार्यकर्ताओं एक जगह टेंट लगाकर काफी बढ़िया स्वागत का इंतजाम किया हुआ था। उन्होंने एक बड़े से तराजू पर ढेरों बूंदी के लड्डू रखे हुए थे। तराजू को भी फूल से सजाया गया था। जैसे ही प्रियंका उनसे मिलने पहुंची कार्यकर्ता उनसे तराजू पर बैठने का अनुरोध करने लगे। इस दौरान प्रियंका ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आपको लगता है कि मेरा वजवन एक क्लिंटल से ज्यादा है।” प्रियंका के इस वाक्य पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने पर मजबूर हो गए।
प्रियंका हालांकि, तराजू पर नहीं बैठीं लेकिन उन्होंने अपनी जगह एक कार्यकर्ता को बैठने के लिए कहा। प्रियंका ने कहा, “आप बैठ जाइए”। इस दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने इस पूरे वाकये का मोबाइल से वीडियो बनाया। प्रियंका के बदले कार्यकर्ता के तराजू में तौलने के बाद वहां मौजूद सभी लोगों के बीच लड्डू बांटे गए। गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की तीन-दिवसीय यात्रा पर हैं। बुधवार को अमेठी में राहुल गांधी के लिए कैंपेन करने के बाद वह रायबरेली में कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए रवाना हुई थीं। प्रियंका का दौरा फैजाबाद में भी होने वाला है।
