लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद अपना पद छोड़ने पर अड़े कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर सोनियां गांधी ने कहा कि उन्होंने निर्भिक नेतृत्व दिखाया है। सोनिया ने कहा कि राहुल गांधी ने पार्टी के लिए शानदार अभियान चलाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में तीन राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। सदन में हमारी संख्या भले ही कम है, लेकिन हम एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

सोनिया ने राहुल गांधी के नाम तीन पेज की चिट्ठी लिखकर उनकी तारीफ की है। सोनिया ने अपनी चिट्ठी में लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और देश के करोड़ों मतदाताओं का प्यार कमाया। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। पूरे देश से उनके लिए भावनात्मक संदेश आ रहे हैं। आज परेशानी के समय में हमें यह जरूर जानकारी होनी चाहिए कि कांग्रेस पार्टी कई चुनौतियों का सामना कर रही है। कुछ दिनों पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई थी। बैठक में आगामी रणनीति और कदम को लेकर चर्चा हुई।”

कांग्रेस पार्टी में राजनीतिक संकट की पृष्ठभूमि में पार्टी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को फिर से मजबूत करने के लिए ‘कई निर्णायक कदमों’ पर चर्चा चल रही है। सोनिया को नई दिल्ली में पार्टी संसदीय दल की बैठक में नेता चुना गया। इससे पहले वह भी वह संसदीय दल की नेता की भूमिका निभा रही थीं। संसदीय दल की बैठक में उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे कार्यकर्ता हमारे अग्रिम मोर्चे के सैनिक हैं। उन्होंने पिछले पांच वर्षों में नि:स्वार्थ भाव से काम किया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि जिस भारत के लिए हम लड़ रहे हैं, उससे जुड़ी भावना का विस्तार देश के कोने-कोने में हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी की शत्रुता का सामना किया। यह उनकी मेहनत और धैर्य का परिणाम है कि देश के 12.3 करोड़ लोगों ने कांग्रेस में अपना विश्वास प्रकट किया। मैं इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने पूरी मेहनत से प्रचार अभियान चलाया। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात एक कर दिया।’’

चुनावी हार और राहुल गांधी के इस्तीफे की पेशकश के बाद पैदा हुए हालात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘संकट के इस समय में हमें यह स्वीकारना होगा कि कांग्रेस पार्टी के सामने कई चुनौतियां हैं। कांग्रेस कार्यसमिति की कुछ दिनों पहले बैठक हुई थी जिसमें आगे के कदमों और आगे बढ़ने के संदर्भ में चर्चा की गई। पार्टी को मजबूत करने के लिए कई निर्णायक कदमों पर चर्चा हो रही है। ’’ गौरतलब है कि 25 मई को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की थी, हालांकि सीडब्ल्यूसी ने उनकी पेशकश को खारिज किया और उन्हें संगठन में सभी स्तर पर आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया।

संसद के दोनों सदनों में संख्याबल का हवाला देते हुए सोनिया ने कहा, ‘‘ हमें याद रखना चाहिए कि राज्यसभा में हमारी संख्या को चुनौती दी जाएगी और ऐसे में यह ज्यादा महत्वपूर्ण है कि समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ समन्वय सुनिश्चित किया जाए। संसद में जो भी मुद्दे उठें, वे हमारे कार्यकर्ताओं और आम जनता के दिमाग में घर कर जाएं। प्रभावी विपक्ष के लिए संसद के सभी सदस्यों की अंगुली जनता की नब्ज पर होनी चाहिए, संसद में एजेंडा तय करना वाहिए और मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतरता सुनिश्चित होनी चाहिए। हम सजग रहेंगे। हमें सरकार को उसके वादों को लेकर जवाबदेह ठहराना होगा। मनगढ़ंत डाटा के जरिए प्रगति को आंका जा रहा है। प्रगति का आकलन सच्चाई के साथ होना चाहिए। हम सच्चाई और पारर्दिशता के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।’’ (भाषा इनपुट के साथ)