प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है। प्रियंका हो या सिंधिया हो दोनों सक्षम नेता हैं दोनों उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने में सफल होंगे।’ राहुल ने भारतीय जनता पार्टी पर भी तंज कसा और कहा कि कांग्रेस के इस कदम से भाजपा थोड़ी घबराई हुई है।
प्रियंका के चुनाव लड़ने पर ये बोले राहुलः राहुल गांधी ने कहा, ‘उन्हें मैंने मिशन दिया है कि यूपी में कांग्रेस की सच्ची विचारधारा को आगे बढ़ाएं। गरीबों और कमजोरों को मदद कर आगे बढ़ाने की विचारधारा को आगे बढ़ाएं। उन्हें दो महीने के लिए नहीं भेजा है। मुझे भरोसा है कि वे उत्तर प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ाने में सफल होंगी। उत्तर प्रदेश के युवाओं को जो चाहिए वो उन्हें मिलेगा। मेरी बहन सक्षम और कर्मठ है। मुझे इस बात की खुशी है। चुनाव लड़ने का फैसला वे खुद करेंगी।’
गठबंधन पर क्या बोले राहुलः लंबे अरसे से महागठबंधन की कोशिशों में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘हमारा मुकाबला सपा-बसपा से नहीं है। हमें तीनों को मिलकर भाजपा को हराना है।’ उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से सपा-बसपा ने आपस में 38-38 सीटें बांट ली हैं। फिलहाल दो सीटें गठबंधन के अन्य साथियों के लिए छोड़ी गई हैं, जबकि दो सीटों (अमेठी-रायबरेली) पर कांग्रेस को वॉकओवर देने का फैसला किया गया है। दूसरी तरफ कांग्रेस पहले ही सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है।