Priyanka Gandhi Ganga Yatra: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी तीन दिवसीय गंगा यात्रा के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पहुंचीं। यहां उन्होंने सीता समाहित स्थल के दर्शन किए। साथ ही, यूपी के सीएम और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा, ‘‘बीजेपी 70 साल की रट लगाना बंद करे। हर बात की एक्सपायरी डेट होती है। 5 साल से आप सरकार में हैं। आपने 5 साल में क्या किया? यूपी के मुख्यमंत्री का कार्यकाल 2 साल का हो चुका है। रिपोर्ट कार्ड, प्रचार जैसी बातें सिर्फ सुनने में अच्छी लगती हैं, लेकिन हकीकत इससे अलग है। यूपी के सभी लोग मौजूदा सरकार से परेशान हैं।’’

बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा की गंगा यात्रा 18 मार्च (सोमवार) को प्रयागराज के मनैया घाट से शुरू हुई थी, जो 20 मार्च (बुधवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में खत्म होगी।

Live Blog

14:33 (IST)19 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live:प्रियंका ने यूपी के सीएम योगी पर साधा निशाना

गंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा, ‘‘योगी सरकार के 2 साल पूरे होने के बाद रिपोर्ट कार्ड, प्रमोशन जैसी चीजें सुनने में अच्छी लगती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ नहीं है। मैं रोजाना लोगों से मिल रही हूं। सभी लोग बेहद निराश हैं।’’

13:47 (IST)19 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका गांधी के हिंदुत्व पर सवाल, काशी विश्वनाथ मंदिर में न जाने देने की अपील

प्रियंका गांधी गंगा यात्रा के तहत 20 मार्च को वाराणसी पहुंचेंगी, लेकिन इससे पहले ही विवाद शुरू हो गया है। उनके हिंदुत्व पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वाराणसी के वकीलों ने डीएम को पत्र लिखकर प्रियंका को काशी विश्वनाथ मंदिर में नहीं घुसने देने की अपील की है। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि प्रियंका हिंदू रीति-रिवाज का पालन करती हैं।

13:18 (IST)19 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: प्रियंका ने किए सीता समाहित स्थल के दर्शन

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी तीन दिवसीय गंगा यात्रा के तहत भदोही पहुंच चुकी हैं। यहां उन्होंने सीता समाहित स्थल के दर्शन किए। साथ ही, देश के उत्थान की कामना की। बता दें कि प्रियंका की यात्रा 17 मार्च को प्रयागराज से शुरू हुई थी।

12:55 (IST)19 Mar 2019
Priyanka Gandhi Ganga Yatra Live: यूपी के भदोही पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा, पूछा यह सवाल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपनी तीन दिवसीय गंगा यात्रा के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के भदोही पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘‘वे पूछते हैं कि 70 साल में हमने क्या किया? अब बीजेपी को बताना चाहिए कि पिछले 5 साल से वे सत्ता में हैं। उन्होंने इस दौरान क्या किया?’’