लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्वी यूपी में पार्टी की कमान बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपी है। बुधवार को प्रियंका गांधी ने कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर महासचिव का पदभार संभाल भी लिया। बता दें कि कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी को 23 जनवरी को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया था। उस वक्त वे विदेश में थीं। दफ्तर में प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं से बातचीत की जो वहां पहले से ही खड़े थे।
यूपी के दो लड़कों से पहली मुलाकातः पद संभालते ही वहां मौजूद कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं से उन्होंने मुलाकात की। न्यूज एजेंसी द्वारा जारी किए गए फोटोज में जिन दो लड़कों से प्रियंका गांधी चर्चा करते दिख रही हैं वे उत्तर प्रदेश के हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के छात्र सलमान खान ने प्रियंका गांधी से अपनी पहली मुलाकात के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा- हम यहां बिना किसी अप्वाइंटमेंट के पहुंचे थे। हम उनका इंतजार कर रहे थे और वे आईं और उन्होंने आवाज लगाई कि यूपी से कौन है? फिर मैं उनके सामने पहुंचा और उनके दफ्तर में बातचीत की।
दूसरी बातचीत प्रियंका ने बहराइच के एक कांग्रेस कार्यकर्ता सुल्तान अहमद से की जो कि मटेरा विधानसभा क्षेत्र से कभी कांग्रेस के उम्मीदवार भी रह चुके हैं। सुल्तान ने कहा- मैं बहराइच का था इसलिए प्रियंका ने मुझसे ज्यादा बातचीत की क्योंकि उन्हें इसी इलाके की जिम्मेदारी है।
Selfie with Smt Priyanka Gandhi Vadra, AICC General Secretary- Uttar Pradesh East… in the shadow of the Iron Lady of India today at 24, Akbar Road. pic.twitter.com/vZoRZorO3d
— Priyanka Chaturvedi?? (@priyankac19) February 6, 2019
प्रियंका ने जाना यूपी और समीकरण का हालः प्रियंका से मुलाकात करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता ने उनसे यूपी के मौजूद हालात के बारे में बातचीत की। उन्होंने पूछा- जमीन पर इस वक्त क्या माहौल है? इसके साथ ही प्रियंका ने कांग्रेस के दोनों सदस्यों से जातीगत राजनीति कितनी है? युवा क्या सोचता है? जैसे सवाल भी किए। दोनों सदस्यों ने दावा किया कि बाद में प्रियंका गांधी ने कहा हौसला रखिए, मैं आउंगी आपसे काम करवाउंगी।