छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए शेष चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के दोनों प्रमुख दल-भाजपा और कांग्रेस ने 90-90 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने जहां 15 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस 18 महिलाओं को टिकट दिया है। यानी कुल मिलाकर इन दोनों पार्टियों की 33 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। पिछले चुनाव में दोनों पार्टियों ने 27 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था।
भाजपा के 90 उम्मीदवारों में से 33 ओबीसी से, 30 अनुसूचित जनजाति से और 10 अनुसूचित जाति से हैं। पार्टी ने इस बार 13 मौजूदा विधायकों में से दो को टिकट नहीं दिया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 14 और भाजपा ने 13 महिला उम्मीदवारों को मैदान पर उतारा था, जिसमें कांग्रेस की 10 और भाजपा की एकमात्र महिला विधायक ने जीत हासिल की थी।
दोनों ही पार्टियों ने इस बार महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाई है। राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। भाजपा की 15 महिला महिला उम्मीदवारों में बस्तर संभाग से एक, दुर्ग संभाग से दो, सरगुजा संभाग से सात, बिलासपुर संभाग से दो व रायपुर संभाग से तीन महिला उम्मीदवार हैं।
भाजपा ने सरगुजा की अहम सीटों पर महिला उम्मीदवारों को मौका दिया है। कांग्रेस की 18 महिला उम्मीदवारों में बिलासपुर संभाग से पांच उम्मीदवार हैं। वहीं, बस्तर संभाग से एक, दुर्ग संभाग से चार, सरगुजा संभाग से दो और रायपुर संभाग से कुल छह महिला उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने कसडोल की विधायक शंकुतला साहू का टिकट काटा है।
भाजपा ने चार सीटों पर उम्मीदवार तय किए
भाजपा ने बुधवार को जिन चार सीटों पर उम्मीदवार तय किए हैं उनमें पर नए चेहरों को मैदान में उतारा गया है। ये चारों सीटें अनारक्षित श्रेणी की हैं। पार्टी ने बेलतरा सीट से विधायक रजनीश सिंह का टिकट काट दिया है। वहां से युवा चेहरे सुशांत शुक्ला को मैदान में उतारा गया है। राज्य युवा आयोग के पूर्व सदस्य शुक्ला (40) भाजपा की युवा शाखा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य सह-प्रभारी हैं।
पार्टी ने अंबिकापुर सीट पर राजेश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। अग्रवाल भाजपा की सरगुजा जिला कार्यकारिणी समिति के सदस्य हैं। अंबिकापुर से उपमुख्यमंत्री और निवर्तमान विधायक टीएस सिंहदेव कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। पेशे से व्यवसायी अग्रवाल 2018 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। दो अन्य उम्मीदवार धनीराम धीवर (कसडोल सीट) और दीपेश साहू (बेमेतरा) भी नए चेहरे हैं।
भाजपा की महिला उम्मीदवार
भाजपा ने चंद्रपुर से बहूरानी संयोगिता, कोंडागांव से लता उसेंडी, सरायपाली से सरला कोसरिया, खुज्जी से गीता घासी साहू, धमतरी से रंजना दीपेंद्र साहू, भरतपुर-सोनहत से रेणुका सिंह, भटगांव से लक्ष्मी राजवाड़े, प्रतापपुर से शंकुलता सिंह पोर्थे, सामरी से उधेश्वरी पैकरा, पत्थलगांव से गोमती साय, लैलुंगा से सुनीति सत्यानंद राठिया, खल्लारी से अलका चंद्राकर, पंडरिया से भावना बोहरा, जशपुर से रायमुनि भगत और सारंगढ़ से शिवकुमारी चौहान को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस की महिला उम्मीदवार
कांग्रेस ने कुरूद से तारिणी चंद्राकर, संजारी बालोद से संगीता सिन्हा, तखतपुर से रश्मि आशीष सिंह, डौंडीलोहारा से अनिला भेंड़िया, डोंगरगढ़ से हर्षिता स्वामी बघेल, महासमुंद से रश्मि चंद्राकर, लैलुंगा से विद्यावती सिदार, पाली-तानाखार से दुलेश्वरी सिदार, पामगढ़ से शेषराज हरबंश, बैंकुंठपुर से अंबिका सिंहदेव, सरायपाली से चातुरी नंद, सिहावा से अंबिका मरकाम, धरसींवा से छाया वर्मा, भानुप्रतापुर से सावित्री मंडावी, सारंगढ़ से उत्तरी जांगड़े, बिलाईगढ़ से कविता प्रान लहरे. खैरागढ़ से यशोदा वर्मा और प्रतापपुर से राजकुमारी मरावी को उम्मीदवार बनाया है।