कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार (15 दिसंबर) को संकेत दिया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का मुद्दा सुलझ गया है। उन्होंने पद के चारों दावेदारों के साथ एक फोटो ट्वीट किया। राज्य में मुख्यमंत्री पद के चारों दावेदारों (भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और चरण दास महंत) के साथ फोटो साझा करते हुए राहुल गांधी ने अमेरिकी इंटरनेट उद्यम रीड हॉफमैन के कथन का उद्धरण देते हुए लिखा है, “आपका दिमाग और आपकी रणनीति चाहे कितना ही कुशल क्यों न हो, यदि आप अकेले खेलते हैं, तो एक टीम से आप हमेशा हार जाएंगे।”

इसके बाद माना जा रहा है कि पार्टी अब छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है। पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष बघेल को इस पद की दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है। राहुल ने यह ट्वीट यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, छत्तीसगढ़ के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया सहित छत्तीसगढ़ के दूसरे बड़े नेताओं के साथ मैराथन बैठकें करने के बाद किया है।

राहुल ने इससे पहले मध्य प्रदेश के घोषित मुख्यमंत्री कमलनाथ और इस पद पर उनके प्रतिद्वंद्वी दावेदार ज्योतिरादित्य सिंधिया के चित्र तथा राजस्थान के घोषित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट के चित्र भी ट्वीट किए थे। पायलट को उप मुख्यमंत्री घोषित किया गया है।

सीएम दावेदारों में ताम्रध्‍वज साहू राज्य से कांग्रेस के इकलौते लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने दुर्ग ग्रामीण सीट से मोदी लहर में भी जीत दर्ज की थी। वह पार्टी में ओबीसी चेहरे के तौर पर देखे जाते हैं। दूसरे बड़े दावेदार छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल हैं। वह पाटन विधायक हैं। चुनाव से पहले उनका नाम सीडी कांड में भी आया था। तीसरे प्रमुख दावेदार के तौर पर त्रिभुनेश्वर शरण सिंहदेव (टीएस सिंहदेव) हैं जो पिछली विधान सभा में विपक्ष के नेता थे। वो सरगुजा के राज परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इनके अलावा चरण दास महंत भी दावेदारों में शामिल हैं।