मंगलवार को माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) की पूर्व सांसद वृंदा करात ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर जमकर हमला किया। वृंदा ने शाह पर हमला कहते हुए कहा- ‘उन्हें बोलने का तरीका ही नहीं आता है। वो अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। भाजपा सत्ता के नशे में चूर है और भाजपाई केवल झूठ बोलते हैं।’ इसके साथ ही वृंदा ने व्यापम घोटाले पर भी तंज कसते हुए कहा कि- प्रदेश में व्यापम घोटाले से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।’

रोजगार उपलब्धता की बात पर किया हमला
करात ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा- भाजपा सत्ता के नशे में चूर है और सिर्फ झूठ बोलने लगी है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में मध्य प्रदेश में हर साल 10 लाख रोजगार उपलब्ध करने की बात कही है जबकि एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में हर साल सिर्फ 17416 युवाओं को ही रोजगार मिल रहा है।

जनता को लूट रही है भाजपा
करात ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा- ‘शिवराज सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों की सरकार बनकर पिछले 15 सालों से प्रदेश की जनता को लगातार लूट रही है। इसलिए प्रदेश में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी हो गया है।’ आपको बता दें प्रदेश में मार्क्सवादी कम्युनिटी के 13 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।

व्यापम में 50 से अधिक लोगों को मार दिया गया
करात ने व्यापम का जिक्र करते हुए कहा कि- प्रदेश में व्यापम घोटाले से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। घोटाले की जांच न हो इसलिए 50 से अधिक लोगों को मार दिया गया। यही नहीं प्रदेश में आज बच्चियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसके साथ ही जब किसान अपने हक की बात करता है तो उनको गोली मार दी जाती है। लेकिन इस बार प्रदेश की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।

भाजपा की राम भक्त पर सवाल
करात ने भाजपा की भक्ति पर भी सवाल दागा और कहा- भाजपा राम के नाम को राजनीति करने के लिए इस्तेमाल करते है। जैसे ही चुनाव नजदीक आने लगता है भाजपा को राम का नाम याद आने लगता है।