मध्य प्रदेश में बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। शिवराज सिंह बुधनी से ही चुनाव लड़ेंगे तो उनके गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया से उम्मीदवार हैं।

अटेर से अरविंद सिंह भदौरिया, ग्वालियर से प्रद्युमन सिंह तोमर, रेहली से गोपाल भार्गव, सागर से शैलेंद्र जैन, मल्हारा से प्रद्युमन सिंह लोधी, देवतालाब से गिरीश गौतम, रीवा से राजेंद्र शुक्ल, विजय राघोगढ़ से सतेंद्र पाठक और पाटन से अजय विश्नोई को टिकट मिला है। दिग्गजों में बिसाहूलाल सिंह को अनूपपुर से टिकट दिया गया है। जबकि विश्वास सारंग नरेला से चुनाव मैदान में उतरेंगे। देवास सीट श्रीमति गायत्री राजे पवार के खाते में गई है। कृष्णा गौर को गोविंदपुरा से टिकट दिया गया है। वहीं मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ इंदौर-4 से चुनाव मैदान में उतरेंगी।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा हो चुकी है। नवंबर में 17 तारीख को होने वाले चुनाव के लिए सबसे पहले आप ने लिस्ट जारी की थी। लेकिन यहां लड़ाई कांग्रेस और बीजेपी के बीच में है। मप्र में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस सत्ता के मुख्य दावेदार बने रहेंगे, हालांकि आप और बसपा जैसे संगठन अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में भारतीय राजनीति की दो दिग्गज पार्टियों के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करेंगे। आप का मध्य प्रदेश में क्या असर रहता है ये मौजूदा चुनाव बताएगा। बसपा यहां पहले भी उपस्थिति दर्ज कराती रही है।

2018 के चुनावों के बाद राज्य में मार्च 2020 में तब सत्ता परिवर्तन देखने को मिला जब कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गई और भाजपा सिर्फ 15 महीने तक विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में वापस आ गई। चुनाव में भाजपा को लगभग चार कार्यकालों की सत्ता-विरोधी लहर से पार पाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार के खिलाफ लोगों के बीच नाराजगी को भुनाने की कोशिश करेगी।