बीजेपी महासचिव राम माधव रविवार (24 मार्च) को असम के गुवाहाटी में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस पार्टी के नेता पाकिस्तान में चुनाव लड़ते हैं तो वे संभवत: जीत जाएंगे।’’ इस दौरान राम माधव ने कांग्रेस के नेताओं पर आरोप लगाया कि वे विपक्षी नेताओं के ट्वीट भारत से ज्यादा पाकिस्तान में रिट्वीट किए जा रहे हैं। माधव ने कहा कि विपक्ष के नेता सेना के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
यह बोले राम माधव : बीजेपी नेता ने कहा, ‘‘उनके (कांग्रेस नेताओं) के बयान अपने देश के लोगों की तुलना में पड़ोसी देश के लोगों द्वारा रिट्वीट किए जा रहे हैं। अगर वे वहां जाकर चुनाव लड़ेंगे तो शायद जीत जाएं। यह हमारी मुख्य विपक्षी पार्टी की स्थिति है।’’
National Hindi News Today Live: दिनभर की बड़ी खबरें यहां पढ़ें
कांग्रेस की बात नहीं समझ पा रहे देश के लोग : राम माधव बोले कि विपक्ष ऐसी लड़ाई लड़ रहा है, जिसे कोई समझ नहीं पा रहा। देश के लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि कांग्रेस कौन-सा रास्ता दिखाना चाहती है। वे पाकिस्तान के हित के लिए लड़ रहे हैं या भारत के लिए, देश यह समझने में असमर्थ है।
जवानों पर शक कर रहे विपक्षी नेता : बालाकोट में भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक को लेकर भी राम माधव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी नेताओं को अपने जवानों पर शक है। वे अपनी सरकार की उपलब्धि पर भी सवाल उठा रहे हैं। साथ ही, भारतीय सेना के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
2014 से ज्यादा सीटें जीतेंगे : राम माधव ने कहा, ‘‘देश में अब भी मोदी लहर है। बीजेपी व सहयोगी दल 2014 लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार ज्यादा सीटें जीतेंगे। आप विपक्ष की हालत देख सकते हैं, राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, लोग ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाते हैं। प्रियंका गांधी भी मंदिरों के दर्शन कर रही हैं। वहां भी उन्हें ‘मोदी-मोदी’ सुनना पड़ा।’’ बीजेपी महासचिव ने कहा कि पार्टी असम में सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त है।
