कर्नाटक के कांग्रेस नेता वीएस उगरप्पा ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता बीवाई वीजेंद्र ने कांग्रेस विधायक की पत्नी को फोन कर कहा है कि उनके पति भाजपा में शामिल हो जाएं। इसके बदले में उनके पति को एक मंत्रालय और 15 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वहीं कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने कहा है कि पूरी दुनिया में भाजपा का चेहरा बेनकाब होगा। भाजपा अच्छी तरह जानती है कि उनके पास महज 104 विधायक हैं। वे अभी तक सबकुछ और कुछ भी कर रहे हैं हमारे विधायकों को खरीदने के लिए। मगर हमारे विधायक अभी तक बरकरार है। सिर्फ दो विधायक अभी यहां नही हैं। वो जब भी आते हैं निश्चित रूप से हमें समर्थन देंगे।

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस विधायक आनंद सिंह और प्रताप गोडवा पाटिल अभी तक सदन में शपथ लेने के लिए नहीं पहुंचे हैं। जबकि विधानसभा में फ्लोर टेस्ट शाम चार बजे होना। इसमें जिस पार्टी के समर्थन में सबसे ज्यादा विधायक होंगे उसे सरकार बनाने का मौका दिया जाएगा। बहुमत टेस्ट के लिए अब आधे घंटे से भी कम का समय बचा है।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने दो और वीडियो रिलीज कर दावा किया है कि भाजपा पार्टी विधायकों को खरीदने के लिए रिश्वत दे रही है। आरोप है कि वीडियो टेप में भाजपा नेता सहित खुद मुख्यमंत्री येदियुरप्पा कांग्रेस विधायकों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सामने आई एक टेप में कथित तौर पर बीएस येदियुरप्पा की आवाज है।

बता दें कि इस समय मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा सदन में बोल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हें जनता का साथ मिला है। सिद्धारमैया सरकार नाकाम रही है। हम चालीस से बढ़कर 104 हो गए लेकिन कांग्रेस 122 से घटकर 78 पर पहुंच गई है। लोगों ने कांग्रेस को खारिज कर दिया। कांग्रेस जेडीएस नेता कुमारस्वामी को आगे लाकर सरकार बनाना चाहती है। पूर्व में सिद्धारमैया ने कसम खाई थी कि कुमारस्वामी सीएम नहीं बनेंगे लेकिन अब उन्हें सीएम बनाया जा रहा है।