भाजपा के पूर्व दिग्गज नेता प्रमोद महाजन की बेटी और मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पूनम महाजन ने शुक्रवार को चुनावों के लिए नामांकन दाखिल किया। इस नामांकन में पूनम महाजन ने अपनी कुल संपत्ति 2.20 करोड़ रुपए घोषित की है। गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनावों में पूनम महाजन ने अपने नामांकन पत्र में अपनी कुल संपत्ति 108.08 करोड़ रुपए घोषित की थी। इस तरह बीते 5 सालों के दौरान पूनम महाजन की संपत्ति में 98% की भारी-भरकम गिरावट आयी है। पूनम महाजन ने अपने नामांकन पत्र में बताया है कि उनके पास 1.06 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है, जिसमें 75 लाख रुपए कैश, बैंकों में 22.02 लाख रुपए जमा हैं और 72.91 लाख रुपए की इंश्योरेंस पॉलिसीज घोषित की है।
पूनम महाजन के पति वजेंदला राव के पास 29,650 रुपए कैश, बैंकों में 13.41 लाख, विभिन्न पॉलिसीज के 95.74 लाख रुपए हैं। साथ ही वजेंदला राव के पास करीब 5.28 लाख रुपए के शेयर भी हैं। पूनम महाजन के बेटे आद्या के खाते में भी 1.38 लाख रुपए हैं। वाहनों की बात करें तो पूनम महाजन के पास 11.07 लाख रुपए की होंडा सीआरवी कार भी है। पूनम महाजन ने अपने नामांकन में बताया है कि उनके खिलाफ चेक बाउंस के मामलों में 2 केस भी लंबित हैं। जब पूनम महाजन से उनकी संपत्ति में इतनी बड़ी गिरावट के बारे में सवाल किया गया तो हिन्दुस्तान टाइम्स की खबर के अनुसार, पूनम महाजन ने बताया कि उनके पति का ऑटोमोबाइल डीलर का बिजनेस है, जिसमें उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसके चलते हमें कर्ज चुकाने के लिए अपनी संपत्ति को बेचना पड़ा। अब हमारे पास सिर्फ जीवन बीमा पॉलिसी के पैसे बचे हुए हैं।
बीते लोकसभा चुनावों में पूनम महाजन ने अपनी संपत्ति घोषित करते हुए बताया था कि उनके और उनके पति के पास 3 फ्लैट थे। साथ ही उनके पास पनवेल के नजदीक अप्टा गांव में कृषि भूमि होने के साथ ही ऑडी क्यू5 और ऑडी क्यू7 जैसी लग्जरी कारें भी थी। शुक्रवार को जब पूनम महाजन ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, उस दौरान उन्होंने अपने समर्थन की ताकत दिखाने की भरपूर कोशिश की। इस दौरान मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, महाराष्ट्र सरकार में शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े, केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले की पत्नी सीमा, शिवसेना और भाजपा के कुछ विधायक भी पूनम महाजन के साथ मौजूद रहे।