Lok Sabha Election 2019: ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजद ने सोमवार को (11 मार्च) आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा को फायदा पहुंचाने के चार चरणों में चुनाव कराया जा रहा है, क्योंकि यहां भगवा दल की जीत की संभावना बहुत कम है। बीजू जनता दल (बीजद) प्रवक्ता अमर पटनायक ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में ज्यादा सीटें हैं, वहां एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की गई है, जबकि ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव चार चरणों में कराने का निर्णय किया गया है। यह फैसला भाजपा द्वारा प्रभावित किया गया लगता है।

ओडिशा में साथ-साथ कराए जा रहे हैं लोकसभा और विधानसभा चुनाव: बता दें कि राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ साथ कराए जा रहे हैं। बहरहाल, बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने चुनाव कार्यक्रम का स्वागत किया है। अमर पटनायक ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश (25 लोकसभा सीटें) और गुजरात (26 लोकसभा सीटें) जैसे राज्यों में एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा, जबकि ओडिशा में चार चरणों में मतदान होगा, जहां केवल 21 लोकसभा सीटें हैं।

भाजपा सांसद का सीएम नवीन पर आरोप: गौरतलब है कि इस बीच, हाल में भाजपा में शामिल हुए बीजद के पूर्व सांसद बिजय पांडा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर भ्रष्टाचारियों और आपराधिक तत्वों को शरण देने का आरोप लगाया। भगवा दल में शामिल होने के बाद पहली बार जनसभा को संबोधित करते हुए पांडा ने कहा कि बीजद दिवंगत बीजू पटनायक की विचारधारा को भूल गई है।

2019 में लोकसभा चुनाव के साथ होंगे चार राज्यों के विधानसभा चुनाव: बता दें कि 2019 राजनीति के हिसाब से काफी अहम वर्ष है। एक तरफ जहां इस साल लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं तो वहीं इस साल ही चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे। विधानसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में होंगे।

7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव: गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे। जिसमें 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को मतदान किया जाएगा। वहीं बता दें कि पहले चरण में 20 राज्य- 91 सीटें, दूसरे चरण में 13 राज्य- 97 सीटें, तीसरे चरण में 14 राज्य- 115 सीटें, चौथे चरण में 09 राज्य-71 सीटें, पांचवे चरण में 07 राज्य-51 सीटें, छठे चरण में 07 राज्य-59 सीटें और सातवें चरण में 08 राज्य-59 सीटों पर मतदान होगा।