बिहार में सभी राजनीतिक दलों में से राजद ने छह महिलाओं को लोकसभा चुनाव में टिकट दिया है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अनिता देवी की है।वहीं, भाजपा ने एक भी महिला उम्मीदवार चुनावी रण में नहीं उतारा है। जबकि भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और राजद को 23 सीटें बंटवारे में मिली है।
यदि सीवान में मरहूम शाहबुद्दीन की बीबी हिना साहिब राजद से चुनाव लड़ने को राजी हो जाती है तो यह सातवीं महिला उम्मीदवार होगी। हालांकि, अभी सीवान सीट के लिए राजद ने उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। वहीं जद(एकी) ने 16 सीटों में से दो महिला उम्मीदवार उतारा है। शिवहर से लवली आनंद और सीवान से लक्ष्मी कुशवाहा को।
लोजपा (र) ने वैशाली से वीणा कुमारी को फिर से टिकट देकर भरोसा जताया है। समस्तीपुर से शांभवी कुमारी है। यानी पांच में दो सीटें लोजपा (र) ने दी है। कांग्रेस नौ सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन पूरी सूची अभी नहीं आई है। वैसे जानकार बताते है कि बिहार में कांग्रेस महिला उम्मीदवार नहीं उतारने जा रही है।
राजद ने जिन छह सीटों पर महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है वे बीमा भारती (पूर्णिया), रितु जयसवाल (शिवहर), अर्चना रविदास (जमुई), अनिता देवी (मुंगेर), मीसा भारती (पाटलिपुत्र) और रोहणी आचार्य (सारण)। जबकि 2019 लोकसभा चुनाव में राजद ने तीन महिलाओं को टिकट दिया था। पाटलिपुत्र से मीसा भारती, नवादा से विभा देवी और सीवान से हिना साहिब को।
यह अलग बात है कि ये तीनों को पराजय का मुंह देखना पड़ा था। राजद के सभी उम्मीदवार बिहार में शिकस्त खा गए थे। इकलौती सीट किशनगंज कांग्रेस ने जीती थी। फिर से कांग्रेस ने अपने निवर्तमान सांसद मो. जावेद पर उम्मीदवार बना भरोसा जताया है। बाकी 39 सीटों में से भाजपा ने 17 और जद(एकी) ने 16 और छह सीटों पर लोजपा ने कब्जा जमाया था।
गौरतलब है कि 2014 लोकसभा चुनाव में राजद ने पांच सीटों पर महिला प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन सभी पराजित हुई। सारण से राबड़ी देवी, पाटलिपुत्र से मीसा भारती, सीवान से हिना साहिब, खगड़िया से कृष्णा कुमारी यादव और काराकाट से कांति सिंह हारी। जबकि 2004 में इकलौती महिला उम्मीदवार के तौर पर राजद ने आरा से कांति सिंह को चुनावी जंग में उतारा था। और वे जीतने में सफल हुई थी। 2004 राजद के लिए सफल साल रहा। कुल 26 सीटों पर चुनाव लड़ी और 22 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही।
यह अलग बात है कि 2009 में राजद ने दो महिला उम्मीदवार को चुनावी रण में उतारा था। सीवान से हिना साहिब और काराकाट से कांति सिंह को। मगर दोनों को पराजय का मुंह देखना पड़ा था। यानी 2004 से अबतक सबसे अधिक 2024 में महिलाओं को राजद ने चुनावी मैदान में टिकट दिया है।
इनमें शिवहर से रितु जयसवाल को राजद ने उतार राजग प्रत्याशी लवली आनंद को घेरने की कोशिश की है। इस सीट पर बनिया मतों की अधिकता है। माई समीकरण के साथ बनिया जाति की उम्मीदवार रितु जयसवाल को आजमाना राजद के लिए कारगर हो सकता है।
अलबत्ता राजद के घोषित छह महिला उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा चर्चा अनिता देवी की है। अनिता को मुंगेर से राजद प्रत्याशी के तौर जद(एकी) के राजग उम्मीदवार राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के खिलाफ उतारा गया है। यहां चौथे चरण 13 मई को चुनाव होना तय है। अनिता देवी राजनीति में बिल्कुल नई है।